
लखनऊ/गाजियाबाद, 5 नवंबर . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ में हिस्सा लेंगे. इसके पहले उन्होंने कहा कि जनता की ओर से लगातार नकारे जा रहे कांग्रेस और इंडी गठबंधन भारत के लोकतंत्र को अराजकता, अस्थिरता और अव्यवस्था की आग में झोंकने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “लोकतंत्र जनता के विश्वास, संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान पर आधारित हमारी राष्ट्रीय शक्ति है. जनता की ओर से लगातार नकारे जा रहे कांग्रेस और इंडी गठबंधन के द्वारा भारत के महान लोकतंत्र को अराजकता, अस्थिरता और अव्यवस्था की आग में झोंकने का निरंतर प्रयास हो रहा है.”
उन्होंने पोस्ट में कहा, “भारत के लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मर्यादाओं के सम्मान और जनादेश की सर्वोच्चता का संदेश लेकर आज गाजियाबाद में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में सहभाग करूंगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और भारत के लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी है.”
उधर, गाजियाबाद में सीएम योगी की पदयात्रा को लेकर लगभग पूरी तैयारियां हो चुकी हैं. मुख्यमंत्री गुरुवार को राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडब्ल्यू-6 मॉल से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की शुरुआत करेंगे. जानकारी के अनुसार, वे केडब्ल्यू-6 मॉल से करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर रिवर हाइट्स सोसाइटी तक पहुंचेंगे.
इस पदयात्रा में 35,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है. भाजपा जिला अध्यक्ष चेनपाल सिंह ने कहा कि पूरा गाजियाबाद के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां आ रहे हैं. वे हम सभी के साथ पदयात्रा करेंगे.
वहीं, गाजियाबाद में मुख्यमंत्री की पदयात्रा के निर्धारित मार्ग पर नगर निगम की टीमों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं. सड़क मार्ग पर साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. पदयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से इंतजाम किए गए हैं.
–
डीसीएच/