
नागपुर, 18 जून . महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान जारी है. महायुति गठबंधन पहले ही 6 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर चुका है. महा विकास अघाड़ी और महायुति अपने-अपने उम्मीवारों के जीत का दावा कर रही है. इस बीच नागपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अतुल लोंढे ने चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है.
से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस ने चुनावी राजनीति में एक बड़ा और बुनियादी बदलाव किया है. पहले इस प्रकार के चुनावों को “पैसा दो, वोट लो” की राजनीति से जोड़ा जाता था, लेकिन इस बार कांग्रेस ने मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है.
अतुल लोंढे ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस मजबूती से चुनाव मैदान में उतरी है. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने पार्षदों को विभिन्न राज्यों और शहरों में भेज रही है, क्योंकि उसे अपने कामकाज को लेकर जवाब देने में कठिनाई हो रही है.
उन्होंने राज्य और स्थानीय प्रशासन से जुड़े कई मुद्दों को उठाते हुए कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त काम नहीं हुआ है. नगरपालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों को पर्याप्त अनुदान नहीं मिल रहा है. जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं कमजोर हैं तथा बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है. उन्होंने शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन की समस्या का भी उल्लेख किया.
अतुल लोंढे ने नागपुर महानगरपालिका के कामकाज पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से भाजपा का नियंत्रण होने के बावजूद कई विकास कार्य अधूरे हैं. उन्होंने खेल सुविधाओं के विकास में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दक्षिण नागपुर में प्रस्तावित खेल परिसर के लिए आवश्यक धनराशि अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी है.
उन्होंने कहा कि विधान परिषद को केवल राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि नीति निर्माण और कानूनों पर गंभीर चर्चा का मंच माना जाता है. उनके अनुसार वे इन जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठा सकते हैं और इसी आधार पर पार्षदों से समर्थन मांग रहे हैं.
इस बीच नागपुर के कई पार्षदों ने भी कांग्रेस उम्मीदवार अतुल लोंढे के समर्थन में अपनी राय व्यक्त की. एक पार्षद ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि अतुल लोंढे स्थानीय निकायों में मौजूद अनियमितताओं और प्रशासनिक चुनौतियों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे. एक अन्य पार्षद ने भी विश्वास जताया कि कांग्रेस उम्मीदवार अतुल लोंढे को व्यापक समर्थन मिलेगा और वे बड़े अंतर से चुनाव जीत सकते हैं.
वहीं, लातूर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के जिला अध्यक्ष और औसा नगर परिषद के उपाध्यक्ष अफसर शेख ने महायुति की जीत का विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि एनसीपी (अजित पवार गुट) पूरी मजबूती के साथ महायुति गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन कर रही है. उन्होंने दावा किया कि गठबंधन उम्मीदवार बड़े अंतर से जीत हासिल करेगा.
–
पीआईएम/वीसी