
पटना, 15 जून . बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के उस बयान को अप्रासंगिक बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर आज की तारीख में इंदिरा गांधी जिंदा होतीं तो भाजपा पर बैन लगा देतीं. अशोक चौधरी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह एक तरह का तानाशाह है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता.
अशोक चौधरी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र है, न की राजतंत्र. अब भाजपा सत्ता में किसी के चाहने या नहीं चाहने से नहीं है. भाजपा सत्ता में इसलिए, क्योंकि लोग उसे पसंद करते हैं. प्रधानमंत्री मोदी को देश की जनता पसंद करती है, इसलिए आज भाजपा सत्ता में है.अब इंदिरा गांधी होतीं या नहीं होतीं, वो बाद का विषय है. पहले आप खुद की विसंगतियों पर चर्चा कीजिए.
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि आपको आत्मचिंतन करने की जरूरत है. आप यह पता लगाने की कोशिश कीजिए कि आपके अंदर कहां पर खामी है. इसके बाद उसे सुधारिए, ताकि स्थिति को सुदृढ़ किया जाए.
साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल में टीएमसी में मचे बवाल पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस बात की प्रबल संभावना है कि लोगों में टीएमसी की कार्यशैली को लेकर आक्रोश हो. यही कारण है कि लोग सड़कों पर उतरकर अपना रोष जाहिर कर रहे हैं. पहले जब टीएमसी सत्ता में थी तो शायद लोग अपना रोष जाहिर नहीं कर पाते होंगे. आज जब टीएमसी को सत्ता से हाथ धोना पड़ा तो लोगों का दबा गुस्सा फूट पड़ा हो. इसी वजह से इस तरह की स्थिति पैदा हो रही है.
उन्होंने कहा कि अगर आप पश्चिम बंगाल की राजनीति की बात करें, तो पहले यहां पर कांग्रेस का शासनकाल था. कांग्रेस के जाने के बाद कम्युनिस्ट का शासनकाल आया. इसके बाद तमिल मनीना कांग्रेस आई. इसके बाद कम्युनिस्ट पार्टी साफ हो गई. इसके बाद अब भाजपा आई है, तो टीएमसी साफ हो जाएगी. यह पश्चिम बंगाल का ट्रेंड है, यह कोई नया नहीं है.
–
एसएचके/वीसी