तौकीर रजा के परिवार के साथ खड़ी है कांग्रेस, कानूनी स्तर पर भी करेगी मदद : अजय राय

शाहजहांपुर, 24 सितंबर . कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान , जो बरेली में हुए दंगे के मामले में जेल में बंद हैं, के परिजनों से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद गुरुवार को से बात करते हुए अजय राय ने कहा कि मौलाना तौकीर को साजिश के तहत फंसाया गया है और कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है.

उन्होंने कहा, “हम सब उनके साथ हैं. कल मैं उनके परिवार से मिलने गया था. मैं उनके परिजनों से मिला और अपनी प्रतिबद्धता जताई. हम सब लोग उनके साथ हैं. जहां भी उनकी जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े रहेंगे. कानूनी स्तर पर जो भी मदद करनी होगी, हम पूरी करेंगे. सरकार ने पुलिस और लोगों के साथ विवाद कराकर जानबूझकर उन्हें फंसाया है. यह पूरा समाज और पूरा देश देख रहा है.”

अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह भाजपा सरकार लगातार लोगों को प्रताड़ित कर रही है. लोगों के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा का हनन करने का काम कर रही है. बुलडोजर से लोगों के घर गिराए जा रहे हैं. जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, जो सही बात कहता है और सच्चाई सामने लाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है. चाहे वह तौकीर रजा हों या कोई और.”

वहीं, राहुल गांधी के गढ़ रायबरेली में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी का गढ़ सिर्फ रायबरेली नहीं बल्कि पूरा देश है.

उन्होंने कहा, “रायबरेली राहुल गांधी का घर है, अमेठी उनका घर है और वहां उनका पारिवारिक रिश्ता है. लेकिन गढ़ तो पूरा देश है. इस समय पूरे देश में अगर किसी का दबदबा कायम है, तो उसका नाम राहुल गांधी है.”

वहीं, रायबरेली में अखिलेश यादव के श्रीकृष्ण के स्वरूप वाले पोस्टर को लेकर अजय राय ने कहा, “कोई कहीं भी जा सकता है, कोई भी पोस्टर बनवा सकता है. दबदबा और लोकप्रियता लोगों के प्यार और मोहब्बत से होती है. जहां संघर्ष करना होता है, लड़ना होता है, प्रधानमंत्री का घर घेरना होता है, वहां कौन खड़ा होता है? अगर इस देश में कोई एक नेता है जो पीएम मोदी की आंखों में आंखें डालकर ललकारता है, तो उसका नाम राहुल गांधी है.”

–

पीआईएम/पीएम