
नई दिल्ली, 30 सितंबर . केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी के सर्टिफिकेट के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की.
ललन सिंह ने कहा, “कांग्रेस की बैठक में सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार पर टिप्पणी की. मुझे इस टिप्पणी पर आश्चर्य होता है. नीतीश कुमार, सोनिया गांधी के सर्टिफिकेट के मोहताज नहीं हैं.”
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने देश और बिहार में ‘विकास पुरुष’ के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ने अपने 20 साल के शासनकाल में बिहार की तस्वीर और तकदीर बदल दी है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उन्हें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है. उन्हें लोग प्यार से विकास पुरुष कहते हैं.”
ललन सिंह ने लोकतंत्र के मुद्दे पर भी कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्ष की बैठक के बाद लोकतंत्र बचाने की बात की जा रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में देश में आपातकाल लगाया गया था.
उन्होंने कहा, “मुझे इस बात पर हंसी आती है. जिस कांग्रेस पार्टी ने देश के लोकतंत्र को तहस-नहस किया, वह आज लोकतंत्र की बात कर रही है. आपातकाल कौन और क्यों लाया था? कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए आपातकाल लगाया था. ये किस लोकतंत्र की बात करते हैं?”
ललन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आज देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लोकतंत्र स्थापित किया है और हम विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं.”
चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर भी ललन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का दायित्व सही तरीके से मतदान कराना है और इसके लिए मतदाता सूची में सही मतदाताओं का होना जरूरी है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “चुनाव आयोग का दायित्व है सही मतदान कराना. सही मतदान के लिए जरूरी है कि सही मतदाता भी हो. इसीलिए एसआईआर हो रहा है और आप उसका विरोध कर रहे हैं.”
उन्होंने कांग्रेस पर लोकतंत्र का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा, “लोकतंत्र का अगर कोई सबसे बड़ा दुश्मन है तो वह कांग्रेस ही है.”
–
एएमटी/एमएस