
जयपुर, 16 नवंबर . राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पंचायत राज चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और कई क्षेत्रों में अंतिम मतदान शुरू हो चुका है. इस चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह आश्वस्त है. उन्होंने कहा कि जब परिणाम आएंगे, तब भाजपा को अपना असली चेहरा आईने में साफ नजर आ जाएगा. भाजपा चाहे कितने भी दावे करे, लेकिन जमीन पर स्थिति उसके पक्ष में नहीं है.
उन्होंने नगर निकाय चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस चुनाव में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा था. भाजपा भले ही यह दावा करती हो कि उसके चेयरमैन ज्यादा बने, लेकिन हकीकत यह है कि उस चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत गिरा था, जबकि कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा था. परिसीमन में भी कई तरह की गड़बड़ियां की गई थीं.
जूली ने कहा कि वही स्थिति अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रही है. पंचायत चुनाव में भी परिसीमन में बेईमानी की गई है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ेगा और भाजपा का घटेगा, यह तय है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में जमकर बेईमानियां की हैं. चुनाव पुरानी मतदाता सूची से कराए गए हैं. एसआईआर लागू होने के बाद बनी नई सूची से चुनाव नहीं कराए गए. परिसीमन के दौरान भी भाजपा ने बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की. इसके अलावा पूरे चुनाव को जानबूझकर लंबा खींचा गया. पूरे चुनाव का कार्यक्रम करीब दो महीने का बना दिया गया. 22 अक्टूबर से मतदान शुरू हुआ, जबकि चुनाव की प्रक्रिया अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में ही शुरू हो गई थी. अब 28 नवंबर तक लोग इस प्रक्रिया से मुक्त होंगे. उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्यक्रम भाजपा की सोची-समझी योजना का हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आम जनता का पूरा समर्थन मिला है और आने वाले नतीजे बहुत अच्छे होंगे. जनता ने भाजपा की कार्यशैली को समझ लिया है और अब बदलाव चाहती है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर की गई टिप्पणी पर टीकाराम जूली ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा को आजकल राहुल गांधी से ही समस्या है. राहुल गांधी क्या बोलते हैं, क्या पहनते हैं, कहां जाते हैं, इन सभी बातों से भाजपा को दिक्कत है. राहुल गांधी इस समय अमेरिका में हैं, जहां वे विश्वविद्यालयों में जाएंगे और वहां छात्रों से संवाद करेंगे. इसमें भाजपा को क्या दिक्कत है, यह समझ से परे है. राहुल गांधी ने जमीन पर जो काम किया है, वह किसी से छिपा नहीं है.
उन्होंने ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल यात्रा की. यह यात्रा दुनिया की सबसे लंबी यात्राओं में से एक मानी जाती है. इस दौरान वे जनता के बीच गए, जनता से मिले और जनता से जुड़े. इससे ज्यादा जमीनी काम और क्या हो सकता है.
सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर टीकाराम जूली ने कहा कि उन्होंने पुस्तक के कुछ अंश पढ़े हैं और उन्हें पढ़कर बहुत अच्छा लगा. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का पूरा जीवन सादगी, त्याग, तपस्या, बलिदान, प्रेम और करुणा का प्रतीक रहा है. विदेश में जन्म लेने के बाद भी सोनिया गांधी ने भारतीय संस्कृति को अपनाया, इस देश को अपनाया और यहां के लोगों को अपनाया. हमारे यहां जन्म लेने वाले लोग भी शायद इस तरह देश को अपना नहीं मानते, लेकिन सोनिया गांधी ने इसमें कोई कमी नहीं छोड़ी.
जूली ने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद तक ठुकरा दिया. यह उनका सबसे बड़ा त्याग है. उन्होंने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने अनुभव साझा किए हैं. इंदिरा गांधी की हत्या हो या राजीव गांधी की हत्या, ये बहुत कठिन समय थे. उसके बाद सोनिया गांधी ने अपने आप को संभाला, परिवार को संभाला और छोटे बच्चों को संभाला. साथ ही उन्होंने पार्टी को भी संभाला. उनके नेतृत्व में दो बार गठबंधन की सरकार बनी. सोनिया गांधी का त्याग कम नहीं है. उन्होंने जो करके दिखाया, वह ऐतिहासिक है.
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश सोनिया गांधी को अपना मानता है. पूरे देश में लोग आज भी उन्हें आदर और सम्मान देते हैं. सोनिया गांधी की कही हुई एक-एक बात को लोग आज पढ़ रहे हैं और देख रहे हैं. उन्हें पूरा जनसमर्थन मिल रहा है.
जूली ने कहा कि भाजपा लगातार कोई न कोई बात निकालकर ला रही है और उसकी आलोचना करने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा का काम यही है, वह करती रहे, लेकिन सोनिया गांधी ने अपना जीवन बहुत ही सादगीपूर्ण तरीके से और चुनौतियों का सामना करते हुए जिया है, जो ऐतिहासिक और अद्भुत है.
–
पीआईएम/एएस