कांग्रेस की अराजकता और नकारात्मक राजनीति जनता को स्वीकार नहीं: भाजपा

इंदौर, 30 अक्टूबर . कांग्रेस द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पैदल मार्च निकाला गया और भाजपा नेताओं ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करती.

भाजपा नेताओं का पैदल मार्च सुभाष नगर से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे पर पहुंचा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस की अराजकता और नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी. ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा में इंदौर में उमड़ा जनसैलाब राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों को जनता की स्पष्ट चेतावनी है.

उन्होंने कहा कि सत्ता की लालसा में विभिन्न आरोपों के जरिए देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों को एक बात समझ लेनी चाहिए कि भाजपा के कमल को खिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती है. देश की जागरूक जनता कांग्रेस की इस राजनीति का जवाब देगी और लोकतंत्र तथा संवैधानिक व्यवस्था के प्रति अपना विश्वास बनाए रखेगी.

सीएम मोहन यादव ने पदयात्रा में उपस्थित जनसमूह को लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की शपथ भी दिलाई.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी विदेशी नागरिकों और मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने एसआईआर का विरोध कर रहे हैं. ‘कांग्रेस देशभर में जितने लोग नहीं जुटा पाती है, उससे अधिक लोग अकेले इंदौर की पदयात्रा में लोग स्वयं चलकर आए हैं.

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. इंदौर के जनसैलाब के संदेश ने बता दिया है कि देश में अराजकता हारेगी और लोकतंत्र जीतेगा.

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मुद्दा विहीन कांग्रेस के पास विकास का विजन नहीं है, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है. भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कमजोर बनाने वाली ताकतों के मंसूबे सफल नहीं होने देंगे.

–

एसएनपी/डीकेपी