
बरेली/कानपुर, 1 नवंबर . उत्तर प्रदेश में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. बरेली के आंवला में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी गो-तस्कर को गिरफ्तार किया है. वहीं, कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में पुलिस ने ड्रोन से निगरानी कर बड़ी छापेमारी की और 11 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
बरेली के आंवला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह चेकिंग के दौरान पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द निवासी छोटा उर्फ रिजवान के रूप में हुई है. उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस बरामद किया है.
आंवला के सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी वांछित था. इसके अलावा, 8-9 अगस्त की रात हुई पशु तस्करी की घटना से जुड़े मुकदमे में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
दूसरी ओर, कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित कंजड़नपुरवा में रविवार तड़के पांच बजे डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. इलाके में नशे के कारोबार की सूचना पर चार थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की.
इस अभियान में किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही और गोविंद नगर थानों की पुलिस सहित कुल 135 पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 किलो गांजा बरामद किया. साथ ही अरमान, सागर और अंजलि नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
–
एसएके/पीएम