दिल्ली: अमर कॉलोनी गोलीबारी मामले में क्राइम ब्रांच ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 1 जून . दिल्ली की अमर कॉलोनी में 26 मई को हुए फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने पहले एक नाबालिग लड़के को पकड़ा था. अब इनसे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

दरअसल, 26 मई की शाम करीब 7:54 बजे अमर कॉलोनी इलाके में फायरिंग की वारदात हुई थी, जहां 17 साल का नाबालिग एक फूड स्टॉल पर दोस्तों के साथ खाना खा रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां से गुजर रहे थे और एक युवक का हाथ कुर्सी से टकरा गया. इसी बात पर मामूली कहासुनी हुई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले वहां से चले गए, लेकिन 4-5 मिनट बाद वापस लौटे और तभी एक युवक ने नाबालिग पर गोली चला दी. इस मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं.

पुलिस के अनुसार, दो आरोपी गढ़ी गांव के रहने वाले थे. वारदात के वक्त वो ब्रेजा कार में मौजूद थे. इनमें एक के पिता जिम चलाते हैं, दूसरे के पिता का नशा मुक्ति केंद्र है. जिस युवक के पिता जिम चलाते हैं, पिस्टल उसी की थी. घटना के बाद भाग रहे आरोपियों में सबसे आगे तुगलकाबाद का रहने वाला युवक था. वो एक राजनीतिक परिवार से जुड़ा हुआ है.

बता दें कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक रेस्टोरेंट में 17 साल के छात्र को गोली मारी गई थी. गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिया गया आरोपी नाबालिग है और माना जा रहा है कि वह इस मामले में मुख्य शूटर नहीं है. अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित, जिसकी पहचान साहिल के रूप में हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें स्टेशन हाउस ऑफिसर और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गईं. हालांकि, जब तक पुलिस वहां पहुंची, तब तक घायल छात्र को स्थानीय लोग और उसके दोस्त अस्पताल पहुंचा चुके थे.

अधिकारियों ने बताया कि साहिल को शुरू में मूलचंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.

डॉक्टरों ने बताया कि किशोर की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर है. हालांकि, अभी उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

गोलीबारी में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही, आसपास के इलाकों से मिले सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है.

एसएके/डीकेपी