
आगरा, 14 जुलाई . उत्तर प्रदेश के आगरा में एक घर के फ्रिज के फ्रीजर में जमी बर्फ के बीच शिवलिंग जैसी दिखाई देने वाली आकृति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. आकृति की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घर पर उमड़ पड़ी. कई श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव का चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने सोमवार रात फ्रिज खोलने पर फ्रीजर में जमी बर्फ के बीच एक ऐसी आकृति देखी, जो उन्हें शिवलिंग जैसी प्रतीत हुई. हालांकि, रात में इस बारे में किसी को नहीं बताया गया. मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी गई तो यह बात तेजी से पूरे इलाके में फैल गई. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचने लगे और आकृति के दर्शन करने लगे.
घर की सदस्य लता कुशवाहा ने समाचार एजेंसी से बातचीत में बताया कि सोमवार रात परिवार का एक सदस्य फ्रिज से बर्फ निकालने गया था. उसी दौरान यह आकृति दिखाई दी. उन्होंने कहा कि रात में उन्होंने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी, लेकिन मंगलवार सुबह पड़ोसी को बुलाकर यह बात बताई. इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे और दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया.
वहीं, बॉबी कुशवाहा ने बताया कि रात से ही इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है. उनके अनुसार, शुरुआत में बर्फ की आकृति अधिक स्पष्ट और बड़ी दिखाई दे रही थी, लेकिन समय बीतने के साथ वह धीरे-धीरे पिघलने लगी और उसका आकार छोटा होता जा रहा है. इसके बावजूद श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है. लोगों ने जलाभिषेक किया, फूल और बेलपत्र अर्पित किए तथा ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की आकृति नहीं देखी. कई लोग अपने परिवार के साथ दर्शन करने पहुंचे, जबकि कुछ लोगों को इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंच गए. दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और घर के बाहर धार्मिक माहौल देखने को मिला.
–
एसएके/पीएम