
नई दिल्ली, 1 अगस्त . कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार को भारतीय महिला मुक्केबाजों ने महज 30 मिनट में 2 गोल्ड जीते. प्रीति पवार के बाद जैस्मिन लंबोरिया ने गोल्डन पंच लगाए. प्रीति ने महिलाओं की 54 किलोग्राम प्रतियोगिता में कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो के खिलाफ 5-0 से फाइनल बाउट जीती. वहीं, जैस्मिन ने महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया.
एसईसी हॉल-5 में दिन के पहले मुकाबले में भारत की प्रीति ने इंग्लैंड की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की. पहले राउंड में सभी 5 जजों ने प्रीति के पक्ष में 10-10 अंक दिए. इसके बाद दूसरे राउंड में एक बार फिर प्रीति ने सभी जज से पूरे अंक हासिल किए.
दूसरे राउंड तक प्रीति इंग्लैंड की मुक्केबाज के खिलाफ काफी हावी नजर आ रही थीं. एक ओर प्रीत के हर एक पंच में दम दिख रहा था, तो दूसरी तरफ डेलगाडो के पंच सही लैंड नहीं हो रहे थे.
तीसरे राउंड में प्रीति ने इंग्लैंड की मुक्केबाज को थकाने की पूरी कोशिश की, क्योंकि शुरुआती दो राउंड में उन्होंने बड़ा फासला हासिल कर लिया था. तीसरे राउंड में एक बार फिर प्रीति ने अपनी पावर दिखाते हुए सभी 5 जजों से 10-10 अंक हासिल करते हुए गोल्ड सुनिश्चित किया.
प्रीति पवार ने राउंड ऑफ-16 में मलावी की डेबोरा म्टेंजे को रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (आरएससी) से जीत हासिल की थी. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में नॉर्दन आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया. प्रीति ने सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को 5-0 से हराने के बाद फाइनल में भी कनाडाई बॉक्सर के खिलाफ इतने ही अंतर से जीत हासिल की.
दूसरी ओर, जैस्मिन लंबोरिया ने महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की. पहले राउंड 3-2 से जैस्मिन के पक्ष में रहा था, लेकिन अगले राउंड में जैस्मिन पूरी तरह से विपक्षी बॉक्सर पर हावी नजर आईं. जैस्मिन ने तीसरा राउंड 4-1 से अपने नाम करते हुए देश को सातवां गोल्ड दिलाया.
भारत 7 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल (कुल 25 मेडल) के साथ मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है.
–
आरएसजी