
रांची, 30 जून . झारखंड के हजारीबाग और पलामू जिलों में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों से महिलाओं के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. दोनों मामलों में पुलिस हत्या के बाद शव फेंके जाने अथवा साक्ष्य मिटाने के प्रयास की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हालांकि, दोनों घटनाओं में मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र स्थित सलेया जंगल के समीप सड़क किनारे मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिला. राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने अथवा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जंगल के पास लाकर फेंका गया है. हालांकि पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास के इलाकों की भी जांच कर रही है.
उधर, पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो कैलहर जंगल से एक अज्ञात युवती का अधजला शव बरामद हुआ है. शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर जलाने का प्रयास किया गया.
पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आसपास से पैरों के निशान, वाहन के टायरों के निशान और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है. मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है. तकनीकी सेल और स्थानीय मुखबिरों की भी मदद ली जा रही है. दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण और परिस्थितियों के संबंध में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
–
एसएनसी/एसके