मृतका की मां का आरोप- ससुराल वाले मेरी बेटी को करते थे परेशान

आजमगढ़, 23 सितंबर . बेटी की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद उसके परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतका की मां रसा सिंह ने बताया कि उन्हें शाम करीब छह बजे घटना की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि फोन पर उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी को गोली मार दी गई है.

मृतका की मां रसा सिंह ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि घटना के बाद उनकी बेटी की मां ने कथित तौर पर यह कहा कि शव का अंतिम संस्कार उनके हाथों से नहीं किया जाना चाहिए.

रसा सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के चरित्र को लेकर लगातार आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं. उन्होंने कहा कि बेटी के साथ पहले भी दुष्कर्म और चरित्र से जुड़े आरोप लगाए गए थे. रसा सिंह ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उनकी बेटी के खिलाफ इस तरह की बातें सुनकर उन्हें बेहद दुख और गुस्सा आया.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी की शादी के बाद से ही परिवार को परेशान किया जा रहा था. उनके दामाद के लापता होने और परिवार से जुड़े अन्य विवादों को लेकर भी उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ा.

बातचीत के दौरान रसा सिंह ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि अरविंद के लिए पांच दिन से पूजा-पाठ कराया जा रहा था. उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पूजा परिवार की सुख-शांति के लिए की जा रही है. बाद में सामने आई बातों से उन्हें इस पूजा को लेकर संदेह हुआ. उन्होंने कहा कि घटना के बाद कई तरह की बातें सामने आ रही हैं और इससे परिवार परेशान है.

रसा सिंह ने बताया कि घटना में दो बच्चों के घायल होने की जानकारी मिली थी. उनके अनुसार, एक बच्चे को गोली लगी थी और उसके हाथ पर पट्टी बंधी थी. डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक उसकी स्थिति ठीक बताई गई. हालांकि, उन्होंने कहा कि परिवार ने एक बेटे को खो दिया है.

रसा सिंह ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और उनसे बातचीत भी हुई. उन्होंने पुलिस को उन बातों की जानकारी दी, जो घटना के बाद लोग कह रहे थे. उन्होंने मामले की जांच किए जाने की बात कही.

रसा सिंह ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि उनके पास न खेत है, न बेटा-बहू और न ही अपना घर-द्वार. उन्होंने कहा कि उनकी दो बेटियां थीं और मृतका उनमें छोटी थी. घटना के बाद परिवार बेहद कठिन परिस्थिति से गुजर रहा है.

बता दें कि आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार की शाम को अरविंद सिंह नाम के व्यक्ति ने पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी अरविंद सिंह को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है.

–

एसएके/डीकेपी