दिल्ली एटीएस ने जेल से छूटे मोबाइल स्नैचर को दबोचा, चोरी की 5 बाइक बरामद

नई दिल्ली, 7 जुलाई . दिल्ली की शाहदरा पुलिस ने जेल से छूटे एक मोबाइल स्नैचर और वाहन चोर को गिरफ्तार किया. इसी के साथ पुलिस ने उससे चोरी की पांच दोपहिया गाड़ियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया.

इसी को लेकर मंगलवार को समाचार एजेंसी को जानकारी देते हुए डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आतंकवाद-विरोधी दस्ता (एटीएस) ने हाल ही में मंडोली जेल से छूटे एक मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार किया है, और उससे चोरी की पांच दोपहिया गाड़ियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है.

डीसीपी ने बताया कि शाहदरा जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एटीएस के इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना और उनके साथ सब-इंस्पेक्टर अनुज, सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र, सब-इंस्पेक्टर निशांत, सब-इंस्पेक्टर उमेश, कांस्टेबल अजय और अन्य की एक टीम बनाई गई, जिन्होंने 6 जुलाई को एक रेड लाइट के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को आते हुए देखा, जिसे उन्होंने रुकवाया.

बाइक चालक को रुकवाकर जब पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम उमेश उर्फ हिमांशु बताया. पुलिस ने जब उससे गाड़ी के पेपर मांगे तो वह कागजात नहीं दे पाया. उससे जब आगे की पूछताछ की गई, तब उसने बताया कि ये गाड़ी उसने जीटीबी एनक्लेव थाना थाने से चोरी की है. क्रिमिनल का जब पूरा बैकग्राउंड जांचा गया, तो पता चला कि इस पर बहुत सारी वारदातें वाहन चोरी और स्नैचिंग की दर्ज हैं.

उन्होंने बताया कि जब अपराधी से विस्तार में पूछताछ की गई तो उसने 5 चोरी की गई गाड़ियां और एक मोबाइल फोन के बारे में बताया, जो इसने कोर्ट में आने से पहले स्नेच किया था. डीसीपी ने बताया कि जब यह कोर्ट में पेशी के लिए आ रहा था, उसी समय इसने फोन स्नेच किया. इस तरह कुल 6 मुकदमे इसके ऊपर लगे हैं.

डीसीपी ने बताया कि आरोपी पर 19 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इसका जो एक साथी है राशीद, वह इसके द्वारा चोरी की गई गाड़ियों को ठिकाने लगाने का काम करता था. डीसीपी ने बताया कि यह एक आदतन सक्रिय अपराधी है, जो नशे का आदी है और अपने निजी खर्चों को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था.

डीके/डीकेपी