दिल्ली भाजपा अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने मदनलाल खुराना की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर . दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मदनलाल खुराना की पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और विधायक हरीश खुराना ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान हर्ष मल्होत्रा ने खुराना को दिल्ली का विकास पुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने फ्लाईओवर, जल और सीवर व्यवस्था जैसी दूरदर्शी योजनाओं की नींव रखी, जिसका लाभ दिल्ली आज भी ले रही है जबकि विजेंद्र गुप्ता और हरीश खुराना ने उनके संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के भाव को याद किया.

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “आज दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रहे मदनलाल खुराना की पुण्यतिथि है. मदन लाल खुराना का दिल्ली के लिए बहुत बड़ा योगदान है. वे केवल एक राजनेता नहीं थे बल्कि ऐसे सुधारक थे जिन्होंने मुख्यमंत्री और विभिन्न जिम्मेदारियों पर रहते हुए हमेशा दिल्ली और दिल्लीवासियों की चिंता की.”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका दिल्ली के विकास का मॉडल सही मायनों में दूरदर्शी था. उस समय दिल्ली को डी-कंजेस्ट करने के लिए फ्लाईओवरों की योजनाएं, पीने के पानी की लाइनों के रीमॉडलिंग की योजना और सीवर व्यवस्था को सुधारने के प्रयास शुरू किए गए. उन्होंने न केवल इन योजनाओं की परिकल्पना की बल्कि उन्हें लागू करना भी शुरू किया. आज दिल्ली में जो विकास दिखाई देता है, उसमें कहीं न कहीं उनकी योजनाओं और सोच का भी योगदान है. उनकी बनाई हुई अनेक योजनाओं को बाद में कांग्रेस सरकार ने भी लागू किया.

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वे जन-जन तक पहुंच रखने वाले नेता थे. मुझे अच्छी तरह याद है कि 1993 के चुनाव में किए गए सौ वादों पर उन्होंने ढाई साल से भी पहले काम शुरू कर दिया था. वे दिल्ली के विकास पुरुष थे. आज हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उनसे सीखते हैं कि सामाजिक जीवन कैसा होना चाहिए, राजनीतिक जीवन कैसा होना चाहिए और राजनीति में शुचिता के साथ कैसे काम करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि जब उनका नाम एक डायरी में आने को लेकर विवाद हुआ, तो उन्होंने राजनीतिक शुचिता का परिचय देते हुए स्वयं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी हमारे लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं. आज हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं.

इसके अलावा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मदन लाल खुराना दिल्ली की आवाज थे. उन्हें दिल्ली का शेर कहा जाता था. मेरा उनसे परिचय तब हुआ जब मैं कम आयु का था और कॉलेज का विद्यार्थी था. जब वे मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने कहा था कि दिल्ली की डेढ़ करोड़ आबादी उनके लिए केवल आबादी नहीं बल्कि देवी-देवता है और वे स्वयं उस मंदिर के पुजारी हैं. इसी सेवा भाव से उन्होंने दिल्लीवासियों की सेवा की.

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वो कहा करते थे कि राजनीति में मतभेद होना आवश्यक है लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए. वे हमेशा सभी दलों से संवाद करने और सहमति बनाने में विश्वास रखते थे. चाहे वे संसद सदस्य रहे हों, केंद्रीय मंत्री रहे हों, दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे हों या विपक्ष के नेता, उन्होंने हर स्तर पर दिल्ली के लोगों के लिए संघर्ष किया.

उन्होंने कहा कि वे संघर्ष की एक पहचान थे. मदनलाल खुराना का अर्थ ही एक संघर्षशील व्यक्तित्व था. वे कभी चैन से नहीं बैठते थे. लगातार संघर्ष करना ही उनके जीवन का मंत्र था. विद्यार्थी परिषद से जुड़ने के बाद जब वे दिल्ली आए, तब से लेकर जीवनपर्यंत वे दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे और अपनी अलग पहचान बनाते चले गए.

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के विकास को लेकर उनकी अनेक योजनाएं थीं. उन्होंने निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार के लिए गंगा जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की. उन्होंने दिल्ली के लिए जो सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली के विकास हेतु कार्य कर रही है. इस अवसर पर मैं दिल की गहराइयों से मदन लाल खुराना जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि आज मेरे पिता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री की आठवीं पुण्यतिथि है. उन्हें दिल्ली का लोकप्रिय नेता और दिल्ली का पुजारी कहा जाता था. यदि मैं दिल्ली के विकास की बात करूं, तो 1993 में मेट्रो परियोजना को आगे बढ़ाने की पहल उनके नेतृत्व में शुरू हुई, जिसे बाद में शीला दीक्षित और अन्य सरकारों ने आगे बढ़ाया.

उन्होंने कहा कि वे जन-जन के नेता थे. चाहे झुग्गी बस्तियों का विकास हो, सेवा बस्तियों का कार्य हो, कॉलोनियों का विकास हो या अनधिकृत कॉलोनियों की समस्याएं, ऐसा कोई क्षेत्र नहीं था जहां उन्होंने काम न किया हो. इसी कारण उन्हें विकास पुरुष और दिल्ली का शेर कहा जाता था.

उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते हम सभी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. एक पुत्र के रूप में मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे. मोती नगर की जनता ने मुझे उनके पुत्र के रूप में जो स्नेह और समर्थन दिया है, उसके लिए मैं आभारी हूं. मैं उनके पदचिह्नों पर चलते हुए विकास कार्य कर रहा हूं. आज हम सभी उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और यही कामना करते हैं कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलते रहें.

–

केके/पीएम