दिल्ली : क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित चीनी मांझे को ले जा रहे तीन को किया गिरफ्तार, एक कार जब्त

नई दिल्ली, 12 अगस्त . दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार को प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझे के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके कब्जे से प्रतिबंधित मांझे की 1,398 रीलें और उसे ले जाने में इस्तेमाल की जा रही एक गाड़ी भी जब्त की.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश, असद और सोहेल के रूप में हुई है.

कार्रवाई के बाद पुष्प विहार स्थित क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(बी) और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 5/15 के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस अब इस प्रतिबंधित सामग्री के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 यूनिट को प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझे की बड़ी खेप के परिवहन की विशेष सूचना मिली थी. इसके बाद यह अभियान चलाया गया.

एक विशेष टीम घोड़े वाला मंदिर के पास तय स्थान पर पहुंची. इसी दौरान ख्याला-पश्चिम विहार नाले की ओर से रघुबीर नगर की तरफ आती एक कार दिखाई दी. मुखबिर ने इसी कार में प्रतिबंधित मांझा होने की जानकारी दी.

पुलिस टीम ने गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीन लोगों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान वाहन से कई प्लास्टिक बैग और गत्ते के डिब्बे बरामद हुए, जिनमें प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझा भरा हुआ था.

पुलिस ने कुल 1,398 रील प्रतिबंधित मांझा जब्त किया और सामग्री ले जाने में इस्तेमाल की गई रेनो ट्राइबर कार को भी कब्जे में ले लिया.

पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे प्रतिबंधित मांझे को ले जा रहे थे और उसे बेचने की योजना बना रहे थे.

जांच में पता चला कि यह सामग्री दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग द्वारा जारी उन अधिसूचनाओं का उल्लंघन करते हुए ले जाई जा रही थी, जिनमें चीनी/प्लास्टिक मांझे के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है.

गिरफ्तार आरोपियों में 33 वर्षीय राजेश नांगलोई के लोकेश सिनेमा के पास स्थित जेजे कॉलोनी का रहने वाला है. उसने छठी कक्षा तक पढ़ाई की है और मजदूरी करता है.

23 वर्षीय असद किराड़ी सुलेमान नगर के हरसुख ब्लॉक का निवासी है. उसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और मजदूरी करता है.

19 वर्षीय सोहेल प्रेम नगर का रहने वाला है. उसने आईटीआई की ट्रेनिंग पूरी की है और मजदूरी करता है.

एएमटी/पीएम