
नई दिल्ली, 30 जून . राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के गांधी नगर थाना पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार और एक नाबालिग को पकड़ा है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 हजार रुपए की नकदी तथा एक चोरी की स्कूटी भी बरामद की है. जांच के दौरान वाहन चोरी के दो अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है.
पुलिस के अनुसार, राजगढ़ कॉलोनी निवासी नागेंद्र महतो ने अपनी फैक्ट्री में चोरी होने की शिकायत दिल्ली पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर 24 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/331 के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई थी. शिकायत में बताया गया कि अज्ञात बदमाश फैक्ट्री का गेट तोड़कर अंदर घुसे और नकदी चोरी कर फरार हो गए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई, मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे आरोपियों की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता चला.
लगातार निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 वर्षीय सलमान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके 17 वर्षीय नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया गया. पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर चोरी की 7 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने एक चोरी की स्कूटी भी बरामद की, जिसका संबंध गांधी नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक अन्य मामले से निकला. आगे की पूछताछ में एक और स्कूटी चोरी के मामले में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई.
पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह स्मैक और शराब का आदी है तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, सेंधमारी और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देता था.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. इस कार्रवाई को थाना गांधी नगर की टीम ने अंजाम दिया. जिसमें एसआई विकास कुमार, एचसी विवेक कुमार, एचसी राहुल चौधरी, एचसी अमन बंसल और कांस्टेबल प्रिंस शामिल थे.
–
एसएके/एएस