मध्य प्रदेश के पशुपालन मंत्री से विभाग लिया गया

भोपाल, 15 जुलाई . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन विभाग का प्रभार वापस ले लिया है. अब उनके पास केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी रहेगी.

राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पशुपालन विभाग का प्रभार मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने पास रखेंगे. हाल के दिनों में लखन पटेल विभिन्न कारणों से चर्चा में रहे थे. हालांकि, सरकार ने विभाग में इस बदलाव के कारणों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.

इस संबंध में जब मीडिया ने लखन पटेल से बात की तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि विभागों का आवंटन और उनमें बदलाव करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है.

राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं. ऐसे में इस बदलाव को संभावित मंत्रिमंडलीय फेरबदल से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

लखन पटेल दमोह जिले की पथरिया विधानसभा सीट से विधायक हैं. वह पहली बार 2013 में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे. वर्ष 2018 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज की और मोहन यादव सरकार में मंत्री बनाए गए.

एसएनपी/एएस