‘सोचा नहीं था कि 2026 में ऐसा होगा’, भारतीय टी20 टीम से अचानक ड्रॉप होने पर खुलकर बोले सूर्यकुमार

नई दिल्ली, 30 अगस्त . भारत को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने अचानक टी20 टीम से बाहर किए जाने को लेकर खुलकर बात की. सूर्यकुमार ने माना कि यह फैसला उनके लिए पूरी तरह से चौंकाने वाला था.

उन्होंने बताया कि वे 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक और उसी साल होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप में टीम की कप्तानी करने की तैयारी कर रहे थे. सूर्यकुमार ने भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के शो ‘बैठ और बोल’ में बात करते हुए कहा, “यह देखकर कि मेरा नाम टीम में नहीं है, मैं मुस्कुरा दिया. जब भी मैं दबाव वाली स्थितियों में रहा हूं या जब चीजें मेरे पक्ष में नहीं रही हैं, तो मैंने हमेशा मुस्कुराकर और शांत रहकर उनका सामना किया है. मैंने उन पलों को याद किया है और उनके लिए शुक्रगुजार रहा हूं.”

भारत के पूर्व टी20 कप्तान ने आगे कहा, “मैंने नहीं सोचा था कि ऐसा 2026 में होगा. मुझे लग रहा था कि मैं इस टीम को अगले दो साल तक आगे ले जाने की तैयारी कर रहा था – जिसमें ओलंपिक, एक और टी20 वर्ल्ड कप और फिर आगे एक और चुनौती शामिल है. टीम के ऐलान से दो-तीन दिन पहले उन्होंने [भारत के सिलेक्टर] मुझे फोन किया. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है.’ मैंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी क्योंकि यह मेरा स्वभाव नहीं है. जो भी फैसला लिया गया, उन्हें लगा होगा कि यह टीम के हित में है. आपने निर्णय लिया, मुझे बताया, इसमें कोई बुराई नहीं है.”

सूर्यकुमार ने भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ की, लेकिन अचानक से ली गई कप्तानी को लेकर निराशा भी जाहिर की. उन्होंने कहा, “उन्होंने जिस खिलाड़ी (श्रेयस अय्यर) को चुना है, मैंने उनके साथ काफी क्रिकेट खेला है. मुझे पता है कि वह एक अच्छे खिलाड़ी, अच्छे इंसान और अच्छे कप्तान भी हैं. इसलिए, मुझे इस फैसले से कोई शिकायत नहीं थी, लेकिन निराशा जरूर हुई क्योंकि हमने दो साल तक कोई सीरीज नहीं हारी थी, एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप जीता था – ऐसे में आप चाहते हैं कि सब कुछ वैसा ही चलता रहे. जब सब कुछ अच्छा चल रहा हो, तो फिर बदलाव क्यों?”

यह फैसला सूर्यकुमार के लिए वर्ल्ड कप से पहले बल्लेबाजी के लिहाज से मुश्किल दौर के बाद लिया गया. उन्होंने उस टूर्नामेंट में 242 रन बनाए. वहीं, आईपीएल में उनका प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. आईपीएल 2025 में 717 रन बनाने के बाद, मुंबई इंडियंस के लिए 2026 के निराशाजनक सीजन में वे कुल मिलाकर सिर्फ 270 रन ही बना पाए थे.

एसएम/एएस