
न्यूटाउन, 16 सितंबर . पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक, यूपीआई पर लगने वाले चार्ज और कांग्रेस पार्टी को लेकर बयान दिया.
मंत्री दिलीप घोष ने पत्रकारों से कहा, ” पश्चिम बंगाल में सालों से कोयला, बालू और लकड़ी जैसे प्राकृतिक संसाधनों की लूट हो रही थी, जिससे राज्य को कोई राजस्व नहीं मिल रहा था. इस चोरी पर रोक लगाने से सरकारी राजस्व में 33 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह सकारात्मक रुझान आगे भी जारी रहेगा.”
उन्होंने कहा कि सरकार ने अवैध खनन और तस्करी पर सख्ती की है, जिसका सीधा फायदा राज्य के खजाने को हुआ है. 2,000 रुपए से अधिक के व्यापारी लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत यूपीआई चार्ज लगने के सवाल पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, “कोई भी कंपनी जो सेवा देती है, वह फीस लेती है. सरकार की यूपीआई सेवा ने बहुत सुविधा दी है, इसलिए सिस्टम में अनुशासन बनाए रखने और राजस्व पैदा करने के लिए एक न्यूनतम शुल्क लिया जाना चाहिए.”
उन्होंने कहा कि यूपीआई ने लोगों को बड़ी सहूलियत दी है और इसके रखरखाव के लिए थोड़ा चार्ज जरूरी है.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री दिलीप घोष ने कहा, “कांग्रेस ने लोगों को कुछ नहीं दिया, सिर्फ लूटा है. अगर जनता को लगता है कि बहुत ज्यादा हो रहा है, तो वह विरोध करेगी. वे हर चीज में कूद पड़ते हैं, यहां तक कि ब्रिक्स में विदेशी मेहमानों को क्या परोसा जाएगा, इस पर भी परेशानी जताते हैं, पूछते हैं कि बीफ या चिकन क्यों नहीं परोसा गया. राहुल गांधी से लेकर चिदंबरम तक सभी को इससे दिक्कत थी. लेकिन जिन्होंने वास्तव में खाना खाया उन्हें कोई समस्या नहीं हुई, वे भारतीय खाने की तारीफ करते हुए घर गए. इसलिए, कांग्रेस को मानसिकता बदलने की जरूरत है.”
–
वीकेयू/पीएम