
मुंबई, 18 सितंबर . बॉलीवुड अभिनेत्री दिव्या दत्ता और जानी-मानी अभिनेत्री शबाना आजमी की दोस्ती काफी पुरानी है. शबाना आजमी के 75वें जन्मदिन पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर कर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. इस वीडियो के साथ दिव्या ने एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने शबाना आजमी की जिंदगी को लेकर उनके उत्साह, अभिनय के प्रति जुनून और हर पल को खुलकर जीने की उनकी आदत की जमकर तारीफ की.
दिव्या दत्ता ने वीडियो शेयर करते हुए शबाना आजमी के लिए बेहद प्यार भरा नोट लिखा. उन्होंने कहा, ”जिंदगी का सबसे ब्राइट रंग हो आप… जिंदगी जीने का आपका जोश, एक कलाकार के तौर पर आपकी उत्सुकता और हर पल को हंसी के साथ सेलिब्रेट करने का आपका अंदाज काफी अलग है. आप एक अलग ही क्लास की अभिनेत्री हो. आप लेजेंड हो. मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे आपको जानने, आपसे प्यार करने और आपके खास पलों को सेलिब्रेट करने का मौका मिला.”
दिव्या ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ”हैप्पी बर्थडे शबाना दी. आपसे बहुत प्यार करती हूं. आपका वो हाथ जो मेरे ऊपर रहता है, मेरे लिए सबसे कीमती है.”
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दोनों अभिनेत्रियां साथ में कैमरे के लिए पोज देती हुई दिखाई दे रही हैं.
दिव्या दत्ता और शबाना आजमी ने साथ में कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है. दोनों 2016 में आई फिल्म ‘चॉक एंड डस्टर’ में नजर आई थीं. इस फिल्म में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जिंदगी से जुड़ी कहानी दिखाई गई थी. इसके अलावा, दोनों चर्चित शॉर्ट फिल्म ‘शीर कोरमा’ का भी हिस्सा रही हैं. इस प्रोजेक्ट में दोनों के काम को काफी पसंद किया गया था. साथ काम करते हुए दोनों के बीच जो रिश्ता बना, वह आगे चलकर दोस्ती में बदलता गया.
शबाना आजमी 18 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रही है. इस खास मौके को उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अपने करीबी दोस्तों और सहयोगियों के साथ सेलिब्रेट किया. जन्मदिन से पहले ही उनके लिए खास जश्न का आयोजन किया गया था. इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ नजर आए और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
शबाना के जन्मदिन से पहले अभिनेत्री विद्या बालन और उनके पति, निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर ने भी उन्हें एक खास सरप्राइज दिया. दोनों की ओर से शबाना के लिए एक अनोखा केक तैयार करवाया गया था. इस केक पर शबाना आजमी की कलात्मक तस्वीर बनी हुई थी. साथ ही उस पर लिखा था, ‘बटवारापन… एक टैलेंट जिसकी कोई सीमा नहीं.’
शबाना आजमी को यह सरप्राइज काफी पसंद आया. उन्होंने सोशल मीडिया पर केक की तस्वीर शेयर करते हुए विद्या बालन और सिद्धार्थ रॉय कपूर का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा, “बहुत-बहुत शुक्रिया सिद्धार्थ रॉय कपूर और विद्या बालन, इस अनोखे मैसेज के लिए. इसने मेरे चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान ला दी.”
–
पीके/एएस