
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर . महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के अल्बानिया वाले बयान पर तीखा पलटवार किया. महाजन ने कहा कि नेपाल, बांग्लादेश और पाकिस्तान में क्या हो रहा है, सब देख रहे हैं. क्या संजय राउत चाहते हैं कि हिंदुस्तान में भी वही हो?
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने एकनाथ शिंदे के फिर से मुख्यमंत्री बनने के दावों को लेकरकहा कि अगर संख्या बढ़ती है, बहुमत में आते हैं तो उनको कौन रोक सकता है? हमारी शुभकामनाएं हैं उनको.
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने बहुत अच्छी कार्रवाई की है. फायरिंग होने के बाद बहुत कम समय में उन्होंने आरोपियों को हिरासत में लिया है. उनकी जांच हो रही है. प्रश्न यह है कि हथियार कहां से आया, इसके पीछे कौन है, यह सभी की जांच पुलिस कर रही है.
संजय राउत के अल्बानिया वाले बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी की आपत्ति को लेकर उन्होंने कहा कि बाकी देशों में तो बहुत कुछ हो रहा है. आप देख रहे हैं नेपाल में क्या हो रहा है, बांग्लादेश में क्या हो रहा है, पाकिस्तान में क्या हो रहा है. क्या संजय राउत चाहते हैं कि हिंदुस्तान में भी यही हो? कहां ले जाना चाहते हैं देश को?
गिरीश महाजन ने कहा कि हम लोग आज इतनी प्रगति कर रहे हैं. हमारे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. हमारी अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है. इतने अच्छे काम चल रहे हैं, गरीब कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, इतना इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है. हम लोग कहां से कहां जा रहे हैं, पूरी दुनिया हमारी तरफ देख रही है.
उन्होंने कहा कि संजय राउत कहते हैं कि ऐसा ही होना चाहिए, जला दो, मिटा दो, पत्थरबाजी करो. मुझे लगता है कि उनकी दिमागी हालत आजकल थोड़ी खराब दिख रही है. वैसे भी शुरू से ऐसे भड़काऊ बयान देना उनकी आदत रही है. मुझे लगता है इससे ज्यादा गलत बात और क्या हो सकती है.
इसके अलावा संजय राउत के बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा, “गृह मंत्री को जो काम करना चाहिए, वो नहीं करते हैं. वो यहां पर कानून व्यवस्था खत्म करने का काम कर रहे हैं. संजय राउत ने बिल्कुल सही कहा है कि जब से वो देश के गृहमंत्री बने हैं. इस देश की कानून व्यवस्था खत्म हो गई. जो गलत काम करते हैं, गुंडागर्दी करते हैं, उनकी भी मदद करते हैं.”
–
केके/वीसी