डीपीएल 2026: यजस बल्ले से चमके, गेंदबाजी में नवदीप ने दिखाई धार, आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने हासिल की दूसरी जीत

नई दिल्ली, 6 अगस्त . आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में अपनी दूसरी जीत हासिल की है. इस टीम ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 39 रन से हराया. सीजन में दूसरी जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है.

बारिश के चलते टॉस 5 बजे हुआ, जिसके 15 मिनट बाद मैच की पहली गेंद फेंकी जा सकी. मुकाबले में 10-10 ओवरों की कटौती की गई. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 10 ओवरों में 2 विकेट खोकर 132 रन बनाए. प्रियांश आर्य ने यजस शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 14 गेंदों में 31 रन की साझेदारी की. प्रियांश 8 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद यजस शर्मा ने अक्षय सैनी के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 20 गेंदों में 52 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

अक्षय 10 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद यजस ने मोनू शुक्ला के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. यजस 29 गेंदों में 5 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 64 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मोनू ने 13 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 21 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से अमन भाटी और प्रांशु विजयरन ने 1-1 विकेट हासिल किया.

इसके जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स 9.4 ओवरों में 93 रन पर सिमट गई. इस टीम को पहली ही गेंद पर अनमोल शर्मा (0) के रूप में झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि 16 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए. यहां से तेजस्वी दहिया ने एकांश डोभाल के साथ पांचवें विकेट के लिए 21 गेंदों में 52 रन की साझेदारी की, लेकिन ये जोड़ी टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सकी.

तेजस्वी 11 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एकांश ने 15 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन की पारी खेली. विपक्षी खेमे से नवदीप सैनी ने 2 ओवरों में 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. सिद्धार्थ शर्मा, प्रथम सलूजा और अनंत सरीन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

आरएसजी