संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में डॉ. जयशंकर ने कई देशों के समकक्षों से की म‍ुलाकात, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

संयुक्त राष्ट्र, 25 सितंबर . भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के हाई-लेवल सेशन के दौरान एस्टोनिया, घाना, मालदीव, बारबाडोस और अन्‍य देशों के अपने समकक्षों से मुलाकात की. इस दौरान द्व‍िपक्षीय संबंधों और कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.

जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट में ल‍िखा, ”यूएनजीए के 81वें सत्र के दौरान एस्टोनिया के विदेश मंत्री मार्गस त्साहकना से मिलकर खुशी हुई. हमने यूक्रेन में चल रहे संघर्ष और उसके असर पर बातचीत की. साथ ही बहुपक्षीय सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई.”

सत्र के दौरान जयशंकर ने घाना के विदेश मंत्री से भी मुलाकात की. उन्‍होंने एक अन्‍य पोस्‍ट में ल‍िखा, ”संयुक्त राष्ट्र में घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा से मिलकर खुशी हुई. हमने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा की. इसके अलावा मौजूदा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत हुई. उम्मीद है कि जल्द ही फिर मुलाकात होगी.”

एक अन्‍य पोस्‍ट में उन्‍होंने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए ल‍िखा, ”यूएनजीए के दौरान मालदीव के विदेश मंत्री से मिलकर खुशी हुई. हमने दोनों देशों के आपसी रिश्तों की समीक्षा की और बहुपक्षीय मंचों पर हमारे सहयोग को लेकर भी चर्चा की.”

एक अन्‍य पोस्‍ट में जयशंर ने बारबाडोस के विदेश मंत्री क्रिस्टोफर पीटर सिंकलर के साथ मुलाकात की फोटो पोस्‍ट कर संक्षिप्त बातचीत की जानकारी साझा की. संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जयशंकर ने इराक के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री फुअद हुसैन से भी मुलाकात की.

एक अन्‍य पोस्‍ट में उन्‍होंने ल‍िखा, ”संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में इराक के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री फुअद हुसैन से मिलकर बेहद खुशी हुई. हमने पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए. साथ ही, हमारे आर्थिक और ऊर्जा संबंधों पर भी चर्चा की.”

–

एवाई/पीएम