
जम्मू, 7 सितंबर . जम्मू में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से एक नशा तस्कर फरार हो गया. आरोपी को पकड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने टीमों का गठन किया है.
आरोपी की पहचान आकिब बशीर के रूप में हुई है, जो पुलवामा के काकापोरा का रहने वाला है. देर रात वह एनसीबी, जम्मू हेडक्वार्टर से भागने में सफल रहा. जानकारी के अनुसार, आरोपी को सांबा में 522 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था.
तीन सितंबर को एनसीबी ने सांबा के नए बस स्टैंड के पास एक यात्री बस को रोका था. कार्रवाई के दौरान एनसीबी ने आकिब बशीर को गिरफ्तार करते हुए उससे 522 ग्राम हेरोइन बरामद की. जांच में पता चला कि वह एक नार्को मॉड्यूल से जुड़ा था.
आकिब बशीर की गिरफ्तारी के साथ ही एनसीबी ने ड्रग्स की सप्लाई के रूट का पता लगाया था. जांच में एनसीबी को पंजाब से जुड़े लिंक का पता चला. इस जानकारी के आधार पर एनसीबी ने लुधियाना में एक अलग ऑपरेशन चलाया, जिसमें 197 ग्राम हेरोइन और बरामद हुई. इस तरह, सांबा-लुधियाना ऑपरेशन में कुल 719 ग्राम हेरोइन बरामद हुई.
एक महीने के भीतर जम्मू डिवीजन में हेरोइन पकड़ने का यह चौथा मामला था. यह कार्रवाई इस इलाके में हेरोइन की सप्लाई और वितरण के खिलाफ खुफिया जानकारी पर आधारित लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा है.
हाल के ऑपरेशन में जम्मू-सांबा के ड्रग-प्रभावित इलाकों में दो ऑपरेशन के दौरान 438 ग्राम और 603 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. इससे ड्रग तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे संवेदनशील इलाकों में सीधे कार्रवाई की गई.
एक अन्य बड़े ऑपरेशन में एनसीबी ने जम्मू में 5.160 किलोग्राम हेरोइन जब्त की. उस मामले की जांच से पता चला कि खेप पाकिस्तान से आई थी और उरी सेक्टर के जरिए जम्मू-कश्मीर में दाखिल हुई थी. बरामदगी की जगह से आगे लेह तक जांच की गई, जहां कथित सप्लायर को पकड़ा गया.
–
डीसीएच/च/