
बेंगलुरु, 30 अगस्त . साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल-2 पहले ही दिन काफी रोमांचक बन गया है. नॉर्थ जोन को सिर्फ 195 के स्कोर पर समेटने के बाद साउथ जोन ने स्टंप्स तक 2 विकेट खोकर सिर्फ 40 रन बनाए हैं.
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में सिर्फ 195 रन पर सिमट गई. सनथ सांगवान ने कामरान इकबाल के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 18 रन जुटाए. सनथ 10 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद कामरान ने आयुष दोसेजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 53 रन जोड़े. आयुष 5 चौकों के साथ 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे. टीम को 71 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा, जिसके बाद 95 रन तक 4 विकेट गिर गए. हालांकि, कामरान ने खूंटा जमाए रखा.
कामरान ने कप्तान कन्हैया वधावन के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन जोड़कर टीम को संकट से निकालने की कोशिश की. बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे कामरान ने 10 चौकों और 1 छक्के के साथ 76 रन की पारी खेली, जबकि अब्दुल समद ने 16 रन और कन्हैया ने 35 रन टीम के खाते में जोड़े.
विपक्षी खेमे से विद्वथ कावेरप्पा ने 66 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि एमडी निधीश और तनय त्यागराजन ने 2-2 विकेट हासिल किए. कावूरी साईतेजा और श्रेयस गोपाल को एक-एक विकेट हाथ लगा.
इसके जवाब में साउथ दिल्ली जोन ने दिन की समाप्ति तक 18 ओवरों का सामना किया, जिसमें 2 विकेट गंवाकर 40 रन बनाए. रिकी भुई ने नारायण जगदीसन के साथ पहले विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की. रिकी 39 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जगदीसन ने मोर्चा संभाला. उन्होंने दिन की समाप्ति तक 58 गेंदों का सामना करते हुए 6 विकेट खोकर नाबाद 34 रन बनाए. विपक्षी खेमे से अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार 1-1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं.
–
आरएसजी