‘पहले कांग्रेस को भी नहीं पूछा, अब मजबूरी में महात्मा गांधी’, ममता बनर्जी की विपक्ष से एकजुटता की अपील पर भाजपा का तंज

कोलकाता, 28 सितंबर . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विपक्षी एकजुटता की अपील पर तंज कसा है. भाजपा नेता और बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अपने समय में ममता बनर्जी ने कांग्रेस को भी नहीं पूछा था और आज वो मजबूरी में सबके पास दौड़ रही हैं.

मंत्री दिलीप घोष ने न्यू टाउन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “उन्होंने (ममता बनर्जी की पार्टी) जब यहां चुनाव लड़ा तो किसको पूछा? कांग्रेस को भी नहीं पूछा. जो मुंह में आया बोला. अब ‘मजबूरी में महात्मा गांधी’. आज वे सबके पास दौड़ रही हैं क्योंकि मामला उल्टा हो गया है.”

दिलीप घोष ने कहा, “जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठने की इतनी बड़ी शक्ति दी है. 81 कोई मामूली संख्या नहीं है, पिछले 5 साल हमारे पास उससे कम संख्या थी.” मंत्री घोष ने आगे कहा, “पहले हमारी पार्टी को तोड़कर ले गए. अब वो अपनी पार्टी को एक नहीं कर पा रही हैं, तो देश को क्या एक करेंगी? कौन उनकी बात मानेगा?”

इसी बीच, एआईटीएमसी के विधायक कुणाल घोष पर हुए हमले को लेकर उन्होंने कहा, “कुणाल घोष जान-बूझकर लोगों को हमले के लिए उकसाते हैं, ताकि खबरों में बने रहें. इतना ही उनका उद्देश्य है.”

मंत्री दिलीप घोष ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर कहा, “रूस और यूक्रेन की लड़ाई के कारण दुनिया की इकोनॉमी प्रभावित हो रही है. आगे बढ़ने के लिए दुनिया अब बहुत सारी समस्याओं से जूझ रही है. बार-बार मीटिंगें हो रही हैं. यह लड़ाई सबके लिए चिंताजनक है और यह बंद होना चाहिए.”

उन्होंने पाकिस्तान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. दिलीप घोष ने कहा, “पाकिस्तान की क्या औकात है, शांति लाएंगे? अपने देश में शांति नहीं है. रोटी नहीं है, पेट्रोल नहीं है, पानी नहीं है. शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा चरमरा गई है. उनकी बात दुनिया में कौन सुनेगा? हां, भारत बोलेगा और पीएम मोदी बोलेंगे तो सब सुनेंगे और सुन रहे हैं.”

–

डीसीएच/