
देहरादून, 12 सितंबर . देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंकित चौहान ने कुछ दिन पहले शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की थी. इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी. वहीं, घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
जांच के दौरान सामने आया कि बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने की घटना के पीछे एक युवती की भूमिका भी सामने आई थी. पुलिस पूछताछ में आरोपी अंकित चौहान ने कथित तौर पर बताया कि उसने घायल व्यक्ति की पुरानी महिला मित्र के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने का सौदा किया था. इसके लिए पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय होने की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, सौदे की बाकी रकम लेने के लिए अंकित चौहान अपने एक साथी के साथ दोबारा देहरादून आया था. इसी दौरान पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी मिली और पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई.
मुठभेड़ के दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घायल अंकित चौहान को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है. साथ ही फरार आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों में लगातार कांबिंग और सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अंकित चौहान पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है. पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही गोलीकांड और सुपारी के पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
–
एसएके/एएस