झज्जर में एसटीएफ और बदमाश के बीच मुठभेड़, विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इंद्रपाल ढेर

झज्जर, 14 जून . विजय सैनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. झज्जर के गांव दुजाना के पास शनिवार की देर शाम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मामले का आरोपी इंद्रपाल मारा गया. इंद्रपाल को मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का करीबी बताया जा रहा है.

मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एसटीएफ के इंस्पेक्टर राकेश भी घायल हो गए. उनके हाथ में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है.

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर राजश्री सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.

राजश्री सिंह ने से बातचीत में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बदमाश गांव के आसपास घूम रहा है. इसके बाद शनिवार की शाम से ही पुलिस और एसटीएफ की टीमें सक्रिय हो गई थीं. पूरे इलाके में सघन नाकाबंदी की गई थी और निगरानी बढ़ा दी गई थी.

उन्होंने बताया, “हमारे पास सूचना आई थी कि बदमाश गांव के बीच घूम रहा है. हमारी टीम लगी हुई थी. हमने वहां पर पूरी तरह से नाकाबंदी कर रखी थी. पंचायत स्तर पर भी लगभग 15 से 20 युवकों को लगाया गया था, जो लगातार सूचनाएं दे रहे थे.”

पुलिस कमिश्नर के अनुसार, आरोपी इंद्रपाल कच्चे रास्तों से होते हुए दुजाना गांव की ओर पहुंचा. इसी दौरान उसका सामना एसटीएफ टीम से हो गया और दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. जवाबी कार्रवाई में इंद्रपाल मारा गया.

उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के इंस्पेक्टर राकेश भी घायल हो गए, लेकिन उनकी हालत अब ठीक है और उनका इलाज जारी है.

वीकेयू/डीकेपी