राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान में 11 से 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए प्रवेश बंद

नई दिल्ली, 10 सितंबर . राष्ट्रपति भवन की यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है. राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान में 11 से 13 सितंबर तक आम लोगों का प्रवेश बंद रहेगा. प्रशासनिक कारणों से यह निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही इस शनिवार, 12 सितंबर, को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाला गार्ड परिवर्तन समारोह (चेंज-ऑफ-गार्ड) भी आयोजित नहीं किया जाएगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हाल ही में ‘अमृत उद्यान समर एनुअल्स एडिशन 2026’ का उद्घाटन किया था. इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन परिसर के इस प्रमुख उद्यान को 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खोल दिया गया था. बड़ी संख्या में लोग गर्मियों के फूलों की विविधता देखने के लिए यहां पहुंच रहे हैं.

अमृत उद्यान इस दौरान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है, जबकि आखिरी एंट्री शाम 5 बजे तक होती है. रखरखाव के काम के चलते हर सोमवार को उद्यान बंद रहता है.

प्रशासन की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि विजिटर्स के लिए एंट्री और एग्जिट नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास स्थित गेट नंबर 35 से होगी. अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है, लेकिन विजिटर्स को पहले से अपना एंट्री स्लॉट ऑनलाइन बुक करना होता है. इसके लिए ‘विजिटडॉटराष्ट्रपतिभवनडॉटगॉवडॉटइन’ पर बुकिंग की जा सकती है. किसी खास दिन के लिए स्लॉट की बुकिंग एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाती है और मौके पर कोई बुकिंग उपलब्ध नहीं होती.

इससे पहले विंटर एनुअल्स एडिशन को 3 फरवरी से 31 मार्च तक जनता के लिए खोला गया था. समर एडिशन में तय रास्ते में बाल वाटिका, प्लुमेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोनसाई गार्डन, बैबलिंग ब्रुक, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल हैं.

फूलों की कई किस्मों के अलावा विजिटर्स यहां झरनों वाली पानी की धारा ‘बैबलिंग ब्रुक’ और रिफ्लेक्सोलॉजी पथ वाले बरगद के बगीचे का भी लुत्फ उठा सकते हैं. आगंतुकों को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स, पानी की बोतलें और शिशुओं के लिए दूध की बोतलें साथ ले जाने की अनुमति है. रास्ते में पीने के पानी, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

एससीएच/एबीएम