21 साल बाद भी बरकरार है ‘फेम गुरुकुल’ विनर काजी तौकीर का जलवा

मुंबई, 24 अक्टूबर . गायक काजी तौकीर इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस-20’ में नजर आ रहे हैं. गायक ने अपने पहले शो ‘फेम गुरुकुल’ में जीत के 21 साल पूरे होने का जश्न मनाया.

उनकी टीम ने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर उनके सफर और लगातार बनी लोकप्रियता को याद किया. यह पोस्ट 2005 के सिंगिंग रियलिटी शो में काजी की जीत का जश्न है, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया और उनके लिए एक वफादार फैन फॉलोइंग बनाई. वीडियो पोस्ट कर काजी ने लिखा, “जब शो काजी का हो, तो नफरत करने वाले भी उसे देखते हैं.”

उन्होंने आगे लिखा, “21 साल पहले, उन्होंने वोट बैंक में धामाका किया था और आज, वे इंटरनेट पर छाए हुए हैं. 2005 में वोटों पर राज करने से लेकर 2026 में इंटरनेट पर ‘काजी फाइंग’ करने तक – हमारे रॉकस्टार ने फिर से कर दिखाया है.”

अपनी पोस्ट के आखिरी में उन्होंने लिखा, “वो ऑरा, मूव्स और परफॉर्मेंस बरकरार है. 21 साल बाद भी, रॉकस्टार का जादू बेजोड़ है.”

बता दें कि काजी 2005 में ‘फेम गुरुकुल’ से मशहूर हुए थे. उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर यह कॉम्पिटिशन जीता था और वे भारतीय रियलिटी टेलीविजन के यादगार चेहरों में से एक बन गए थे. ‘फेम गुरुकुल’ में जीत के बाद, काजी ने अपनी साथी विजेता रूपरेखा बनर्जी के साथ अपना म्यूजिकल सफर जारी रखा. इस जोड़ी ने ‘ये पल’ एल्बम रिलीज किया था, जिसमें ‘ये पल’, ‘करूं क्या’, ‘हीरो’, ‘मेरी महबूबा’ और ‘कहकशां’ जैसे गाने शामिल थे.

काजी ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया और 2015 की फिल्म ‘फैंटम’ के ‘अफगान जलेबी’ म्यूजिक वीडियो में नजर आए, जिसमें सैफ अली खान और कैटरीना कैफ थे. ओरिजिनल गाना असरार ने गाया था. श्रीनगर के रहने वाले सिंगर और परफॉर्मर काजी ने हिंदी के साथ-साथ कश्मीरी और उर्दू में भी म्यूजिक में हाथ आजमाया है. फिलहाल, अभिनेता रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-20 में नजर आ रहे हैं.

–

एनएस/पीएम