सतिंदर सरताज की पोस्ट पर फिदा फैंस, बोले- ‘आपके शब्दों में भी सुकून है और तस्वीरों में भी’

मुंबई, 9 नवंबर . लोकप्रिय गायक सतिंदर सरताज के दीपावली और बंदी छोड़ दिवस मनाने के अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है. त्योहार के मौके पर सतिंदर गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मोमबत्तियां जलाकर अरदास की और माथा टेककर आशीर्वाद लिया. उनकी पोस्ट पर लोग जमकर प्यार दे रहे हैं.

सतिंदर ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में वह गुरुद्वारे में नजर आ रहे हैं. कहीं वह मोमबत्तियां जलाते दिखाई दे रहे हैं, तो कहीं दोनों हाथ जोड़कर अरदास करते नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में गुरुद्वारे में मनाए जा रहे आध्यात्मिक उत्सव की झलक भी देखने को मिली.

तस्वीरों के साथ उन्होंने अपने चाहने वालों को दीपावली और बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं दीं.

सतिंदर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”ईश्वर करे मन के भीतर जो कमी या खालीपन है, उसे सहारा मिले और आत्माओं को ज्ञान का प्रकाश प्राप्त हो. मन के अंदर की रोशनी को ऐसी चिंगारी मिले, जिससे उसकी चमक जाग उठे. आप सभी को बंदी छोड़ दिवस और दीपावली की शुभकामनाएं.”

उनकी पोस्ट को लोग जमकर प्यार दे रहे हैं. कई लोगों ने उनके कैप्शन को सुकून देने वाला बताया, तो कुछ ने उनके आध्यात्मिक अंदाज की तारीफ की. वहीं, कुछ चाहने वालों ने उन्हें भी त्योहार की बधाई देते हुए उनके जीवन में खुशियों और सकारात्मकता की कामना की.

सतिंदर सरताज पंजाबी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान रखते हैं. उनकी सूफी गायकी, गहरी शायरी और पंजाबी संस्कृति से जुड़ाव उन्हें दूसरे गायकों से अलग बनाता है. उन्होंने अपने करियर में ‘जाइए सजना’, ‘उड़ारियां’, ‘सज्जन राजी’, ‘इक्को मिक्के’, ‘रुतबा’, ‘तितली’ और ‘नीलामी’ जैसे कई लोकप्रिय गाने दिए हैं.

संगीत के साथ-साथ सतिंदर अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बना चुके हैं. उन्होंने फिल्म ‘द ब्लैक प्रिंस’ से अभिनय की शुरुआत की थी. इस फिल्म में उन्होंने महाराजा दलीप सिंह का किरदार निभाया था. इसके बाद वह पंजाबी फिल्मों ‘काली जोट्टा’ और ‘इक्को मिक्के’ में भी नजर आए.

इन दिनों सतिंदर ‘द फिलॉसफी ऑफ रेजोनेंस-इंडिया टूर 2026-27’ के तहत देशभर में यात्रा कर रहे हैं. अक्टूबर में शुरू हुआ यह दौरा मई 2027 तक चलेगा. इसके तहत वह देश के 32 शहरों में शोज करेंगे. इस दौरे में जयपुर, करनाल, इंदौर, गुरदासपुर और जालंधर जैसे शहर भी शामिल हैं.

–

पीके/एबीएम