यूपी में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका, प्रशासन अलर्ट: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ, 27 सितंबर . उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और कई इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है. प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि देश के कई हिस्सों में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. उत्तर प्रदेश में भी सामान्य समय से अलग और लगातार बारिश होने के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी है.

यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि कई स्थानों पर लगातार करीब 72 घंटे तक बारिश हुई है. सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि भारी बारिश से किसी तरह का बड़ा नुकसान न हो. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और सरकारी तंत्र को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को दिन-रात ड्यूटी पर रहने और जमीनी स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी स्थानीय स्तर पर तैनात हैं और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं. सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.

उन्होंने बताया कि प्रदेश में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर कई क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है और आवश्यकता के अनुसार स्कूलों को बंद किया गया है. बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव हुआ है, हालांकि अधिकांश जगहों पर पानी कुछ घंटों में निकल जा रहा है. प्रशासन की ओर से जलनिकासी और राहत व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है.

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गंगा, घाघरा, गंडक और राप्ती सहित प्रमुख नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी के शासनकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय हुआ. उन्होंने आपातकाल, पत्रकारों और नेताओं पर कथित पाबंदियों तथा विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल से जुड़े कई घटनाक्रम देश की राजनीति का एक विवादित अध्याय रहे हैं. स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं और राष्ट्रीय नेताओं के अपमान सहित कई आरोप भी लगाए. उन्होंने राम मंदिर, रामसेतु, शंकराचार्य और ‘हिंदू आतंकवादी’ जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की.

मंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश सरकार का पूरा ध्यान भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने पर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.

–

एसएके/वीसी