
नई दिल्ली, 15 जून . फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप एफ के मुकाबले में जापान और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा. मैच के 88वें मिनट में दाइची कामदा द्वारा किए गए गोल के चलते जापान की टीम हार को टालने में सफल रही.
मैच की शुरुआत में नीदरलैंड्स की टीम जापान के डिफेंस पर हावी नजर आई. नीदरलैंड्स की ओर से एक के बाद एक अटैक किए गए, लेकिन जापान के गोलकीपर जियोन सुजुकी ने कई शानदार बचाव किए. हालांकि, नीदरलैंड्स पहले हाफ में जापान के डिफेंस को भेदने में पूरी तरह से नाकाम रहा और कोई गोल नहीं हो सका.
दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही नीदरलैंड्स ने अपना आक्रामक खेल और भी तेज कर दिया. इसका फायदा टीम को अगले पांच मिनट में ही मिल गया. मैच के 50वें मिनट में रयान ग्रावेनबेर्ख की फ्री किक पर नीदरलैंड्स के कप्तान वर्जिल वैन डाइक ने बेहतरीन हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, जापान ने नीदरलैंड्स की बढ़त को ज्यादा देर बरकरार नहीं रहने दिया. मुकाबले के 57वें मिनट में ही जापान की ओर से ताकेफुसा कुबो ने शानदार मूव बनाते हुए बॉल को केइतो नाकामुरा को पास की. नाकामुरा ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया.
हालांकि, नीदरलैंड्स की तरफ से लगातार अटैक जारी रहा और 64वें मिनट में टीम फिर से लीड में आ गई. रयान ग्रावेनर्बर्ख ने मैच में अपना दूसरा असिस्ट करते हुए गेंद को क्रिसेंसियो समरविल को पास दिया. समरविल ने शानदार कर्लिंग शॉट लगाते हुए जापान के गोलकीपर को छकाया और नीदरलैंड्स को मुकाबले में 2-1 से आगे कर दिया.
नीदरलैंड्स की जीत अब पक्की लग रही थी और मुकाबला अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका था. हालांकि, 88वें मिनट में जापान को कॉर्नर मिल गया. कोकी ओगावा का शॉट दाइची कामदा पर पहुंचा और उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया. इस गोल के साथ ही जापान ने स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया. इसके बाद मैच में कोई और गोल नहीं लग सका और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा.
–
एसएम/एएस