फीफा वर्ल्ड कप: फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से हराया, एमबाप्पे ने किए दो गोल

न्यू जर्सी, 17 जून . फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया है. फ्रांस ने रोमांचक मुकाबले में सेनेगल को 3-1 से मात दी. टीम की इस जीत के हीरो काइलियन एमबाप्पे रहे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में दो गोल दागे.

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया. सेनेगल ने फ्रांस के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया और कई अच्छे मौके भी बनाए. वहीं, फ्रांस ने भी एक के बाद एक हमले करते हुए सेनेगल के डिफेंस को खूब परखा. हालांकि, पहले हाफ में किसी भी टीम को गोल करने में सफलता हाथ नहीं लग सकी. पहला हाफ गोलरहित रहा.

दूसरे हाफ में दोनों टीमों की ओर से आक्रामक खेल देखने को मिला. फ्रांस को मैच के 66वें मिनट में आखिरकार सफलता मिली. माइकल ओलिस ने काइलियन एमबाप्पे को बेहतरीन पास दिया, जिसे एमबाप्पे ने गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की. इस गोल के साथ ही फ्रांस ने मैच में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. फ्रांस की तरफ से एक के बाद हमले जारी रहे, जिसे सेनेगल के डिफेंस पर दबाव लगातार बढ़ता गया.

मैच के 82वें मिनट में फ्रांस के लिए सब्स्टीट्यूट ब्रैडली बारकोला ने एड्रियन रैबियोट से मिले पास को गोल पोस्ट में पहुंचाकर फ्रांस को मुकाबले में 2-0 से आगे कर दिया. मैच के अंतिम पलों में सेनेगल ने वापसी करने की कोशिश की. स्टॉपेज टाइम में इब्राहिम एमबाये का शॉट डिफ्लेक्ट होकर गोल पोस्ट में पहुंचा और स्कोर 2-1 हो गया. इस गोल के बाद ऐसा लगा कि सेनेगल की टीम मैच में वापसी कर लेगी.

हालांकि, एमबाप्पे ने अगले ही मिनट में सेनेगल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने एक शानदार लॉन्ग-रेंज स्ट्राइक से गोल करते हुए फ्रांस की बढ़त को 3-1 कर दिया. इस मुकाबले में दो गोल के साथ ही एमबाप्पे फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लियोनेल मेसी से आगे निकल गए हैं. इस टूर्नामेंट में एमबाप्पे के नाम अब 14 गोल हो चुके हैं, जबकि मेसी ने 13 गोल किए हैं.

एसएम/एएस