
टोरंटो, 3 जुलाई . पुर्तगाल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 का टिकट हासिल कर लिया है. टोरंटो स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया.
पुर्तगाल का राउंड ऑफ 16 में अब 7 जुलाई को स्पेन से सामना होगा. इस हार के साथ ही क्रोएशिया का वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया है. मैच की शुरुआत में दोनों ही टीमों का डिफेंस काफी मजबूत नजर आया. पुर्तगाल ने एक के बाद हमले करते हुए क्रोएशिया के डिफेंस पर दबाव बनाने का प्रयास किया.
मैच के 10वें मिनट में रोनाल्डो हेडर की मदद से गोल करने का एक आसान मौका चूक गए. पहले हाफ में गेंद ज्यादातर पुर्तगाल के पास ही रही, लेकिन टीम शुरुआती 45 मिनटों में कोई गोल नहीं कर सकी. पुर्तगाल का पजेशन 60 प्रतिशत रहा, तो क्रोएशिया का पजेशन 28 प्रतिशत के करीब रहा.
पहले हाफ में पुर्तगाल ने 9 बार गोल करने का प्रयास किया, लेकिन टीम क्रोएशिया के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सकी. वहीं, क्रोएशिया की ओर से शुरुआती 45 मिनटों में गोल करने की तीन बार कोशिश की गई. हालांकि, मैच का दूसरा हाफ रोमांच से भरा रहा. मैच के 53वें मिनट में ही इवान पेरिसिच ने शानदार गोल दागते हुए क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी.
हालांकि, पुर्तगाल ने क्रोएशिया की बढ़त को ज्यादा देर तक कायम नहीं रहने दिया. मैच के 64वें मिनट में पुर्तगाल के कॉर्नर पर क्रोएशिया के खिलाड़ी निकोला वालसिच ने पुर्तगाल के प्लेयर वेगा को रोकने का प्रयास किया. रेफरी ने वीएआर से जांच के बाद पाया कि निकोला ने जानबूझकर वेगा को रोकने की कोशिश की और पुर्तगाल को पेनल्टी मिल गई. रोनाल्डो ने पेनल्टी का पूरा फायदा उठाते हुए बेहतरीन गोल दागा और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया. फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के नॉकआउट मुकाबले में रोनाल्डो का यह पहला गोल भी रहा. मैच के 81वें मिनट में रोनाल्डो की जगह पर रुबेन नेवेस को मैदान पर उतारा गया.
निर्धारित 90 मिनट में 1-1 से स्कोर बराबर रहने के बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा. इंजरी टाइम में राफेल लियाओ के क्रॉस पर गोंजालो रामोस ने शानदार हेडर लगाते हुए पुर्तगाल को मुकाबले में 2-1 की बढ़त दिला दी. 90+15 मिनट में क्रोएशिया ने शानदार गोल करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया. हालांकि, पुर्तगाल खिलाड़ियों की अपील पर रेफरी ने वीएआर के जरिए ऑफसाइड को चेक किया. वीएआर में पाया गया कि जोस्को ग्वारडिओल ने जब मारियो पासालिक को गेंद पास की, तो पासालिक ऑफसाइड थे, जिसके कारण गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया.
–
एसएम/एएस