फिल्ममेकर और फैशन स्टाइलिस्ट रिया अनिल कपूर की ज्वेलरी चोरी

मुंबई, 20 जून . फिल्ममेकर और फैशन स्टाइलिस्ट रिया अनिल कपूर की किराए की ज्वेलरी चोरी करने का मामला सामने आया है. मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, न्यूयॉर्क में एक फैशन शो के लिए जाते समय रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट के हैंडबैग से 1.35 करोड़ के हीरे-जड़े इयररिंग्स चोरी हो गए हैं. इयररिंग्स मुंबई के मेहता और गोयंका ज्वेलर्स से किराए पर लिए गए थे. मुंबई की मशहूर मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह पिछले 7 साल से रिया अनिल कपूर के साथ काम करती हैं. 29 अप्रैल को न्यूयॉर्क में “नेट गाला” फैशन शो इवेंट के लिए रिया कपूर को आमंत्रित किया गया था. रिया के साथ उनकी पूरी टीम भी जा रही थी.

मेकअप टीम के साथ रिया कपूर के लिए मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स मुंबई से दो जोड़ी महंगे इयररिंग्स किराए पर लिए गए थे. सवलीन सिंह ने ये दोनों बॉक्स अपनी हैंडबैग में रखे थे.सभी लोगों ने 27 अप्रैल की रात 10:25 बजे मुंबई से अमीरात फ्लाइट से उड़ान भरी थी. मुंबई से दुबई और फिर दुबई से न्यूयॉर्क के कैनेडी एयरपोर्ट पर 28 अप्रैल की शाम 5:30 बजे टीम पहुंची. यहां से सभी होटल पियर न्यूयॉर्क में अपने-अपने कमरे में चले गए.

कमरे में सवलीन सिंह ने जब टीम की शिरीन को इयररिंग्स देने के लिए बॉक्स खोले तो दोनों खाली थे. मेहता ज्वेलर्स के पन्ना स्टोन डायमंड वाले सोने के इयररिंग्स कीमत 66 लाख और गोयंका ज्वेलर्स के जाम्बियन स्टोन सोने की बॉर्डर वाले इयररिंग्स कीमत 69 लाख रुपये गायब थे.सवलीन सिंह ने मुंबई लौटकर मुंबई की सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने चोरी का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने बताया कि मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता रिया कपूर की टीम के साथ न्यूयॉर्क जा रही थीं, तभी किराए पर लिए गए 1.35 करोड़ के इयररिंग्स चोरी हो गए. एयरपोर्ट से लेकर होटल तक की पूरी टाइमलाइन चेक की जा रही है. मुंबई पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी मुंबई एयरपोर्ट, फ्लाइट या न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद हुई.

ओपी/पीएम