
पुणे, 9 नवंबर . महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड में दीपावली के मौके पर लक्ष्मी पूजा के दौरान पटाखों के कारण आग लगने की 76 घटनाएं सामने आईं. हालांकि दमकल विभाग की तत्परता और पहले से की गई तैयारियों के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई. फायर ऑफिसर शाहजी कोपनार ने से बातचीत में इस पूरी स्थिति की जानकारी दी.
फायर ऑफिसर शाहजी कोपनार ने बताया कि दीपावली पर विभाग ने 12 अलग-अलग जगहों पर फायर व्हीकल को स्टैंडबाय पर रखा था. इसके साथ ही 10 स्टेशनों की टीमें भी पूरी तरह सतर्क थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचा जा सके. उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में कुल 76 फायर कॉल प्राप्त हुए. इनमें से 20 कॉल घरों और फ्लैटों से आए, जहां फ्लैट की गैलरी में आग लगने की सूचना मिली थी. वहीं, 50 कॉल खुले मैदान, कचरे और पेड़ों में आग लगने के थे. सभी कॉल्स पर दमकल की टीमों ने कम से कम समय में पहुंचकर आग पर काबू पा लिया.
कोपनार ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से कंट्रोल रूम में रोजाना 5 से 6 कॉल आ रहे थे, लेकिन लक्ष्मी पूजा के दिन सबसे ज्यादा कॉल प्राप्त हुए. त्योहार बड़ा होने के कारण पटाखों का इस्तेमाल भी अधिक हुआ, जिससे आग की घटनाएं बढ़ गईं. इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई की, इसलिए ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.
उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन घटनाओं में कोई कैजुअल्टी नहीं हुई. किसी के घायल होने या जान जाने की कोई सूचना नहीं है. यह दमकल विभाग की पहले से की गई तैयारी और जवानों की सतर्कता का ही परिणाम है.
फायर ऑफिसर ने कहा कि दीपावली का त्योहार सभी को अच्छा लगता है. हम भी अपने परिवार के साथ दीपावली मनाना चाहते हैं, लेकिन हमारी जिम्मेदारी है. हम इमरजेंसी डिपार्टमेंट में काम करते हैं और नागरिकों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे पहला कर्तव्य है. इसलिए हम त्योहार पर भी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं.
उन्होंने बताया कि उनके साथ खड़े जवानों की तरह ही 10 स्टेशनों पर कुल 250 जवान 24 घंटे नागरिकों की सुरक्षा के लिए तैनात हैं. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दीपावली के पटाखों से किसी भी तरह के संकट में डरें नहीं, दमकल विभाग हर समय उनके साथ खड़ा है.
कोपनार ने कहा कि दीपावली के त्योहार पर लगाई गई स्टैंडबाय ड्यूटी और स्टेशनों में सतर्कता डिप्टी कमिश्नर के मार्गदर्शन में की जा रही है. इसमें सभी अधिकारियों और फायर सब ऑफिसर्स का अमूल्य सहयोग मिल रहा है.
–
पीआईएम/एबीएम