
कोलंबो, 10 नवंबर . श्रीलंका के नॉर्थ सेंट्रल प्रांत में मंगलवार को तीन बसों की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना अनुराधापुरा जिले में ए9 हाईवे के मेदावाचिया-रामबेवा मार्ग पर हुई. हादसे में सरकारी ‘श्रीलंका ट्रांसपोर्ट बोर्ड’ की दो बसें और एक निजी बस शामिल थीं.
पुलिस के मुताबिक, सरकारी परिवहन की दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इसके बाद पीछे से आ रही निजी बस भी टकरा गई. हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इससे पहले 19 अक्टूबर को भी श्रीलंका के मध्य स्थित कैंडी जिले में एक बहु-वाहन सड़क हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे. पुलिस के अनुसार, वह दुर्घटना तब हुई थी जब एक सीमेंट मिक्सर ट्रक कई वाहनों और पैदल चल रहे लोगों से टकरा गया था. उस हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई थी. पुलिस ने उस दुर्घटना की वजहों की भी जांच शुरू की थी.
सितंबर में श्रीलंका पुलिस ने देशभर में किए गए एक सर्वे के बाद 712 ऐसे स्थानों की पहचान की थी, जहां सड़क दुर्घटनाओं का खतरा अधिक है. यह जानकारी पुलिस महानिरीक्षक प्रियंथा वीरासूर्या ने दी थी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन जगहों का डेटा तैयार किया है, जहां बार-बार सड़क हादसे होते हैं और इस जानकारी को सड़क सुरक्षा उपायों के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ साझा किया गया है.
वीरासूर्या के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक श्रीलंका में 1,849 घातक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं. यह संख्या पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 8 अधिक है.
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या भी 2025 की इसी अवधि के मुकाबले 16 बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि घातक सड़क हादसों का सबसे ज्यादा असर पैदल चलने वालों और मोटरसाइकिल सवारों पर पड़ता है.
उनके अनुसार, पैदल यात्रियों की कई मौतें सड़क किनारे चलते या खड़े रहने के दौरान हुईं, जबकि मोटरसाइकिल चालकों की मौतें अक्सर किसी स्थिर वस्तु या सड़क किनारे मौजूद बाधा से टकराने के कारण होती हैं, न कि दूसरे वाहनों से टकराने के कारण.
श्रीलंका में सड़क हादसे एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं. पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में देश में कुल 2,562 घातक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं.
–
एवाई/डीकेपी