नेपाल के पीएम बालेन शाह को भारत आने का न्योता, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

नई दिल्ली, 28 जुलाई . नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया गया है. इसकी पुष्टि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में की.

मीडिया के पूछे सवाल का जवाब देते हुए बहुत कम शब्दों में जायसवाल ने जानकारी साझा की. उनसे पूछा गया, ” ऐसी खबर है कि भारत जल्द ही नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का स्वागत करने की योजना बना रहा है. कहा जा रहा है कि वह अपने शासनकाल के पहले वर्ष में किसी भी विदेशी दौरे पर नहीं जाने की अपनी प्रतिज्ञा तोड़ने जा रहे हैं. क्या इस संबंध में आपके पास कोई जानकारी या अपडेट है?”

इस पर जायसवाल ने कहा, “हां, नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया गया है.”

हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बालेन शाह के मुख्य सलाहकार कुमार बेन की हालिया भारत यात्रा और यहां हुई बैठकों के बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है.

मार्च 2026 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा हो सकती है. उन्होंने परंपरा से इतर तुरंत भारत आने का फैसला नहीं किया था. आमतौर पर नेपाल के नए प्रधानमंत्री पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद भारत या चीन का दौरा करते रहे हैं.

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल 5 जून से 7 जून 2026 तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत में थे. वो चीन भी गए थे. शिशिर खनाल विदेश मंत्री एस. जयशंकर के न्योते पर वो भारत आए थे. इस दौरान दोनों देशों के बीच विकास कार्य, कनेक्टिविटी, व्यापार, और ऊर्जा संबंधों की समीक्षा की गई थी.

हाल ही में स्थानीय मीडिया ने सूत्रों के माध्यम से बताया था बालेन भारत और चीन के राजदूतों के साथ अलग-अलग बैठकें जल्द करेंगे. काठमांडू पोस्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहली बार अपने बनाए नियम से हटकर विदेशी राजदूतों से अलग-अलग मुलाकात करने जा रहे हैं. हालांकि, प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने तय किया था कि वह किसी भी विदेशी राजदूत से अकेले मुलाकात नहीं करेंगे. बालेन शाह भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और चीनी राजदूत झांग माओमिंग से अलग-अलग मुलाकात करेंगे.

केआर/