विदेश मंत्रालय ने फर्जी सोशल मीडिया हैंडल को लेकर जारी की चेतावनी, सतर्क रहने की अपील

नई दिल्ली, 13 जुलाई . विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को लोगों से सावधानी बरतने की अपील की. मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक फर्जी अकाउंट का खुलासा किया, जो खुद को मंत्रालय का आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था.

एमईए ‘फैक्ट चेक’ अकाउंट ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “हमें ‘एमईएभारत’ नाम का एक अकाउंट मिला है. इस अकाउंट का विदेश मंत्रालय से कोई भी संबंध नहीं है. यह अकाउंट मंत्रालय की पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा है, लोगों को गुमराह कर रहा है और जनहित को नुकसान पहुंचा रहा है. सभी लोगों से अपील है कि वे ऐसे मामलों में सावधानी बरतें.”

इस संदिग्ध अकाउंट के 19,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. यह अकाउंट अलग-अलग सरकारी मंत्रालयों, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और राष्ट्रपति के पोस्ट को रीपोस्ट कर रहा था.

इस महीने की शुरुआत में भी एमईए की फैक्ट चेक टीम ने सोशल मीडिया पर खुद को मंत्रालय का सलाहकार बताने वाले कुछ लोगों को लेकर चेतावनी जारी की थी.

एमईए फैक्ट चेक ने ‘एक्‍स’ पर लिखा था, “मंत्रालय के ध्यान में आया है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग ऐसे पोस्ट कर रहे हैं, जिनसे लगता है कि वे व्यापार, प्रवासन और अन्य नीतिगत मामलों में एमईए को सलाह दे रहे हैं. इसके अलावा, ये लोग एमईए के साथ काम करने के तरीके पर पैसे लेकर सलाह या सत्र देने की पेशकश भी कर रहे हैं. इन लोगों का मंत्रालय से कोई संबंध नहीं है. मंत्रालय सभी लोगों से ऐसे फर्जी पोस्ट से सावधान रहने की अपील करता है.”

पिछले महीने भी एमईए के फैक्ट चेक अकाउंट ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर ऑनलाइन चल रहे फर्जी ऐलान और विज्ञापनों का पता लगाया था.

फैक्ट चेक अकाउंट ने कहा था, “यात्रियों के लिए सावधानी. यह देखा गया है कि एमईए की ओर से आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा के नाम पर फर्जी घोषणाएं और विज्ञापन ऑनलाइन फैलाए जा रहे हैं. ऐसे विज्ञापनों और घोषणाओं से सावधान रहें.”

एवाई/एबीएम