
मुंबई, 14 अगस्त . हिंदी सिनेमा ने समय-समय पर ऐसी कहानियां हमें दी, जिन्होंने न सिर्फ इतिहास के पन्नों को जीवंत किया, बल्कि किरदारों को भी अमर कर दिया. देशभक्ति इन फिल्में ने न सिर्फ हमें अपने इतिहास और नायकों से जोड़ने के साथ-साथ कलाकारों की जिंदगी भी बदल दी. अभिनेताओं को उनके किरदारों के नाम से पहचाना जाने लगा.
इसी तरह सनी देओल, अजय देवगन, विक्की कौशल ने ऐतिहासिक नायकों को पर्दे पर जीवंत किया. हम आपको हिंदी सिनेमा के उन्हीं कलाकारों के बारे में बताएंगे, जिन्हें देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों ने असली पहचान और शोहरत दिलाई.
मनोज कुमार- ‘शहीद,’ ‘उपकार,’ और ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी फिल्मों ने इन्हें ‘भारत कुमार’ के रूप में स्थापित किया. ये सभी देशभक्ति वाली फिल्में थीं, जिनमें काम कर अभिनेता ने भारतीय सिनेमा में देशप्रेम की एक अमिट छाप दर्शकों पर छोड़ी. देशप्रेम की भावना जगाने वाले उनके इस अमूल्य योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
राजकुमार- अभिनेता राजकुमार की सबसे प्रसिद्ध देशभक्ति और एक्शन से भरपूर फिल्म तिरंगा में उन्हें उन्होंने ब्रिगेडियर सूर्यदेव सिंह की भूमिका निभाई थी, जिसे उनके दमदार डायलॉग्स और देशप्रेम के लिए आज भी याद किया जाता है. इस फिल्म के शानदार संवाद और ब्लॉकबस्टर सफलता ने उनके आखिरी दौर के करियर में उनकी मजबूत और असरदार उपस्थिति दर्ज कराई.
अजय देवगन- राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ ने अजय देवगन के करियर में एक गंभीर, परिपक्व और देशभक्त अभिनेता के रूप में उनकी स्थिति को पूरी तरह मजबूत कर दिया. इस बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला, जो उनके कलात्मक करियर का एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ.
विक्की कौशल- ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘सैम बहादुर’ जैसी फिल्मों ने इन्हें आधुनिक देशभक्ति सिनेमा का लोकप्रिय चेहरा बनाया. इन फिल्मों ने उन्हें एक्शन, अनुशासन और देशभक्ति के प्रतीक के रूप में स्थापित किया, जिससे बॉक्स ऑफिस पर उनकी लोकप्रियता और अभिनय की गहराई दोनों में बड़ा इजाफा हुआ.
‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में मेजर विहान सिंह शेरगिल के किरदार ने उन्हें रातों-रात मुख्यधारा के बड़े स्टारडम तक पहुंचा दिया, जबकि ‘सैम बहादुर’ में उन्होंने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन को पर्दे पर उतारा.इस फिल्म के जरिए उन्होंने साबित किया कि वह सिर्फ एक्शन हीरो नहीं, बल्कि जटिल और गहरी जीवनी वाले किरदार भी बखूबी निभा सकते हैं.
–
एनएस/वीसी