‘पद्मावत’ के जौहर सीन से लेकर हिजाब विवाद तक, जब-जब अपने बयानों से विवादों में घिरीं स्वरा भास्कर

मुंबई, 2 सितंबर . स्वरा भारतीय सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जो अपने एक्टिंग से ज्यादा बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. इस बार भी अभिनेत्री एक विवाद में घिरी हुई हैं. फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर दिए गए उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है. यूजर्स से लेकर कई वर्गों तक से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.

हालांकि, यह कोई पहला मौका नहीं है जब अभिनेत्री अपने बयानों को लेकर विवादों में आई हैं, इससे पहले भी कई मौकों पर उनके बयानों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचाया है. आइए देखते हैं किन-किन मौकों पर ऐसा हुआ है.

फिल्म ‘पद्मावत’ में जौहर सीन : 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुई महिला, जीवन स्वतंत्रता कार्यक्रम के दौरान स्वरा ने पद्मावत के जौहर सीन पर बात करते हुए कहा कि इस सीन से रेप सर्वाइवर्स के लिए गलत मैसेज जा सकता है. उन्होंने कहा था कि अगर वह एक रेप सर्वाइवर होती, तो फिल्म का क्लाइमैक्स देखकर मुझे डरपोक जैसा महसूस होता कि मैंने अपनी इज्जत बचाने के लिए सुसाइड नहीं किया. क्या हम अपने सर्वाइवर्स को यही बताना चाहते हैं कि वे जीने के लायक नहीं हैं. एक इज्जतदार औरत खुद को मार लेती है, क्या हम यह बताना चाहते हैं कि रेप एक औरत की जिंदगी का अंत है? यह सीन बहुत प्रॉब्लम वाला था.

वीडियो के वायरल होने के बाद स्वरा ने एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसके जरिए उन्होंने कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है. उनके कहने का मतलब यह नहीं था कि जौहर करने वाली महिलाएं कायर थीं.

द्रौपदी का कथन : जनवरी 2022 में उडुपी के एक सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज में हिजाब पहनने वाली छात्राओं को कक्षाओं में प्रवेश देने से मना कर दिया गया. फरवरी 2022 में अभिनेत्री स्वरा ने कर्नाटक के हिजाब विवाद और उस पर देश के राजनेताओं व प्रशासन की चुप्पी की तुलना महाभारत की सभा से की थी. अभिनेत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि महाभारत में द्रौपदी के जबरन कपड़े उतारे गए थे और सभा में बैठे जिम्मेदार, शक्तिशाली, कानून बनाने वाले देखते रहे. ऐसे ही आज याद आया.

‘द कश्मीर फाइल्स’ : नवंबर 2022 में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के दौरान इजरायली फिल्ममेकर नादव लैपिड ने इस फिल्म को ‘प्रोपेगेंडा’ कहा था. स्वरा ने उनके इस बयान का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था, “जाहिर तौर पर यह दुनिया के लिए काफी स्पष्ट है.”

उन्होंने बिना नाम लिए एक पोस्ट में लिखा था कि अगर आप अपनी सफलता की बधाई चाहते हैं, तो पिछले पांच साल लोगों के खिलाफ एजेंडा चलाने में नहीं बिताने चाहिए थे.

भारतीय सेना पर ट्वीट : साल 2018 में भारतीय सेना पर स्वरा के एक ट्वीट ने काफी हंगामा मचा दिया था. अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए आर्मी जवानों को मूर्ख और तानाशाह कहा था.

एनएस/एएस