
नई दिल्ली, 17 जून . फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इस दौरान पीएम मोदी ने ईरान के साथ शांति समझौते के प्रयासों के लिए ट्रंप की सराहना की. साथ ही, समझौते के तहत समुद्री जहाजों और उनमें सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की.
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, ”आपसे मिलकर बहुत खुशी हो रही है. पिछले वर्ष वाशिंगटन में मिले थे. उसके बाद से दोनों देशों के संबंधों में नई गति और बहुत ऊर्जा आई है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे लिए खुशी की बात है कि दोनों देशों ने मिलकर जो लक्ष्य तय किए थे, उनको पूरा करने के लिए लगातार तेजी से प्रयास कर रहे हैं.
पीएम ने ट्रंप से कहा कि मध्य पूर्व में शांति के प्रयास में जो प्रगति हुई है, उसके लिए मैं आपका अभिनंनद करता हूं. आपके इन प्रयासों के कारण पश्चिम एशिया में शांति की एक नई किरण नजर आ रही है. हम आशा करते हैं कि ये शांति बनी रहेगी.
पीएम मोदी ने ट्रंप से कहा कि आप और मैं दोनों ये अच्छी तरह से समझते हैं कि होर्मुज स्ट्रेट का खुला रहना विश्व के लिहाज से कितना ज्यादा जरूरी है. यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत अनिवार्य है.
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय जहाजों और उनमें सवार लोगों का भी जिक्र किया. पीएम ने अमेरिकी राष्ट्रपति से कहा कि मैरीटाइम ट्रेड की दुनिया में भारत के लाखों सी-फेरर विश्व के अलग-अलग हिस्सों में सेवाएं दे रहे हैं. विश्व की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं. उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.
पीएम में समुद्री जहाजों और उनमें सवार लोगों की सुरक्षा की बात करते हुए ट्रंप से कहा कि हम सब जानते हैं कि ईरान के साथ समझौते में आपने मध्य पूर्व में शांति के प्रयासों में बहुत ही महत्वपूर्ण कदम उठाया है. हम चाहते हैं कि इसमें समुद्री जहाजों और उनमें सवार लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और उसको प्राथमिकता मिलेगी.
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कुछ बहुत अच्छी बातचीत हुई. हम ट्रेड डील कर रहे हैं. हम बहुत सी चीजें कर रहे हैं, यूनाइटेड स्टेट्स और इंडिया के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं.
–
एवाई/एबीएम