
नई दिल्ली, 18 अगस्त . कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार राष्ट्रगीत वंदे मातरम के अपमान करने से राजनीतिक सियासत तेज हो गई है. भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना की. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा नेता आरपी सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में यह एक नकली कांग्रेस है. सोनिया गांधी ने शादी के बाद लगभग 15 साल तक भारतीय नागरिकता नहीं ली थी, और राहुल गांधी पर दोहरी सदस्यता को लेकर अभी भी कोर्ट केस चल रहा है. उन्हें न तो भारत से प्यार है और न ही राष्ट्रगान के प्रति सम्मान. यह एक नकली कांग्रेस है.”
वहीं, मुंबई में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मीडिया से कहा, “ऐसी घटनाएं साफ दिखाती हैं कि वंदे मातरम का अनादर करना भारत, उसकी संस्कृति और परंपराओं के प्रति कांग्रेस पार्टी के रवैये को दर्शाता है. जैसे उन्होंने भगवान राम का विरोध किया था, वैसे ही वे अब वंदे मातरम का विरोध कर रहे हैं और इसके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह बिल्कुल गलत है.”
अपर्णा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के दौरान किस तरह से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रगीत का अपमान किया है. भारत की आत्मा को आहत करना कांग्रेस के लिए ठीक नहीं है.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, “यह वह कांग्रेस नहीं है जिसने आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया था. यह नए डीएनए वाली कांग्रेस है. इस कांग्रेस पर कहीं और की छाप है, इसलिए उनका ‘वंदे मातरम’ से कोई लेना-देना नहीं है. उन्हें बस वोट बैंक और मुस्लिम वोटों की जरूरत है, इसीलिए वे पूरा ‘वंदे मातरम’ नहीं गाएंगे, और अगर इसे पूरा गाया जाएगा, तो वे उस पर भी आपत्ति जताएंगे.”
भाजपा नेता सुब्रत पाठक ने से कहा, “यह बिल्कुल साफ है कि कांग्रेस ने एक खास नीति के तहत ‘वंदे मातरम’ को छोटा कर दिया था. राष्ट्रगीत में अगर भारत माता की स्तुति होती है तो मां दुर्गा की भी स्तुति होती है. इसको लेकर कट्टरपंथियों के दबाव में उस लाइन को छोटा किया गया था. कुल मिलाकर, खड़गे आज भी उसी लाइन पर चल रहे हैं और कांग्रेस उसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि एक ऐसा गीत जिसने देश की आजादी में प्राण फूंके और स्वतंत्रता सेनानी राष्ट्रगीत गाते हुए फांसी के फंदे पर चढ़ जाते थे. इस प्रकार का जुनून पैदा कर देने वाला ऐतिहासिक गीत को लेकर संसद से कानून पास कर दिया गया तो कांग्रेस ने वंदे मातरम के साथ ही संविधान का अपमान किया है.
ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के मुख्य इमाम, उमर अहमद इलियासी ने से कहा, “‘वंदे मातरम’ पर विवाद खड़ा करना या विरोध करना सही नहीं है, क्योंकि ‘वंदे मातरम’ एक गीत है और इससे जुड़ा कानून पहले ही पास हो चुका है. इसे संसद ने पास किया है, इसलिए इस पर कोई आपत्ति जताना, इसका विरोध करना या इसका अनादर करना हमारे देश के खिलाफ है.”
–
एएसएच/डीकेपी