
ग्रेटर नोएडा, 6 अगस्त . गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने करोड़ रुपए के सोने और चांदी की लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना और चांदी बरामद हुआ.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 2 अगस्त को सुबह साढ़े 4 बजे के आसपास लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. लुटेरे हार, मंगलसूत्र, पेंडेंट, अंगूठियां, चांदी के बिस्किट, लॉकेट और झुमकी जैसे आभूषण लूटकर फरार हुए थे. इस लूट की शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई.
शिकायत में बताया गया था कि जब शिकायतकर्ता दिल्ली के चांदनी चौक से सामान डिलीवरी करने के लिए आगरा जा रहा था. उसी समय ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से कुछ दूर आरोपियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था. अपराधियों ने ओवरटेक करके शिकायतकर्ता की गाड़ी को रोका था.
पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए कई कदम उठाए. 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. इसी दौरान, पुलिस को कुछ सबूत हाथ लगे. आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोच लिया.
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने खुलासा किया कि सराफा व्यापारी की पहचान के व्यक्ति कमलकांत ने ही लूट की योजना बनाई थी. कमलकांत फाइनेंस कंपनी में एक करोड़ रुपए का नुकसान होने के कारण कर्ज में डूब चुका था, जिसके कारण उसने अपने जान-पहचान के व्यक्ति को लूट लिया. करीब 635 ग्राम सोना और 12 किलो से अधिक चांदी की लूट हुई थी.
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने समाचार एजेंसी को बताया कि इस मामले में लूट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. घटना का खुलासा करने के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं. लोकल इंटेलिजेंस के जरिए हमने इस घटना का अनावरण किया है. उन्होंने कहा कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है.
–
डीसीएच/