
मुंबई, 2 सितंबर . अभिनेता प्रकाश आगामी फिल्म ‘मेंटल मनाधिल’ की रिलीज को लेकर तैयार हैं. अभिनेता ने बताया कि ज्यादातर शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे अगले साल की शुरुआत में रिलीज करने की तैयारी है.
अभिनेता ने के साथ बातचीत में कहा, “‘मेंटल मनाधिल’ एक तरह से ‘याराडी नी मोहिनी’ और इम्तियाज अली की फिल्मों का मेल है. मेंटल मनाधिल की ज्यादातर शूटिंग पूरी हो गई है. चेन्नई में आखिरी 7 दिन का शेड्यूल बचा है. उसके बाद हम इसे 2027 की शुरुआत में रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं.”
संगीतमय प्रेम कहानी वाली फिल्म ‘मेंटल मनाधिल’ का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सेल्वाराघवन कर रहे हैं. यह फिल्म निर्देशक की 17 साल बाद रोमांटिक शैली में वापसी का प्रतीक है.
अपने निर्देशक की तारीफ करते हुए अभिनेता ने बताया, “सेल्वा सर मास्टर हैं, वह कलाकारों को एक्टिंग सिखाने में माहिर हैं. हमने एडिट देखा है और सब कुछ बहुत अच्छा बना है.”
इस फिल्म को लेकर फैंस और सिनेमा लवर्स में काफी दिलचस्पी है, क्योंकि यह तीसरी बार है जब डायरेक्टर सेल्वाराघवन और तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके म्यूजिक डायरेक्टर और एक्टर जी वी प्रकाश साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दोनों ने जिन दो फिल्मों में साथ काम किया था – ‘आयिरथिल ओरुवन’ और ‘मयक्कम एन्ना’ – उनका म्यूजिक सुपरहिट रहा था. इसलिए इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं.
खास बात यह है कि जी वी प्रकाश इस फिल्म में न सिर्फ म्यूजिक दे रहे हैं, बल्कि पहली बार सेल्वाराघवन के डायरेक्शन में लीड रोल भी निभा रहे हैं. इस रोमांटिक फिल्म में जी वी प्रकाश के अपोजिट फीमेल लीड रोल में एक्ट्रेस माधुरी जैन नजर आएंगी. साथ ही, कई जाने-माने कलाकार भी नजर आएंगे.
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अरुण रामकृष्णन कर रहे हैं, जबकि म्यूजिक खुद जी वी प्रकाश कुमार दे रहे हैं. इस रोमांटिक एंटरटेनर के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर दिनेश गुना हैं और इसे जी वी प्रकाश कुमार अपने बैनर पैरेलल यूनिवर्स पिक्चर्स के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं.
–
एनएस/एएस