जर्मनी में होने वाले ‘एक भारत, एक विश्व कार्यक्रम’ में ग्वालियर की बड़ी भूमिका

ग्वालियर, 3 सितंबर I जर्मनी के म्यूनिख में 12 सितंबर को ‘एक भारत, एक विश्व’ कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है. इसमें ग्वालियर की बड़ी भूमिका रहने वाली है, क्योंकि इस आयोजन का सहयोगी यहां का उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान है. संस्था के मुख्य संरक्षक केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं.

उद्भव के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय एवं सचिव दीपक तोमर ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के साथ विश्व समभाव दिवस के उपलक्ष्य में ‘एक भारत, एक विश्व’ कार्यक्रम का आयोजन सद्गुरु दर्शन न्यास एवं जर्मनी में भारत के महावाणिज्य दूतावास के संयुक्त तत्वावधान में 12 सितंबर को म्यूनिख जर्मनी में करने जा रहा है.

उन्होंने बताया कि सितंबर-अक्टूबर में उदभव दो महत्वपूर्ण आयोजन कर रहा है. पहला आयोजन भारत देश के बाहर 12 सितंबर को म्यूनिख जर्मनी में ‘एक भारत, एक विश्व’ का होगा, जिसमें विभिन्न देशों के दल अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे. साथ ही अपने देशों के विविध व्यंजनों का प्रदर्शन भी करेंगे. इस अवसर पर सांस्कृतिक एवं व्यंजनों के आदान-प्रदान के द्वारा वैश्विक शांति का संदेश दिया जाएगा.

इस अवसर पर ‘एक भारत एक विश्व’ थीम पर एक क्विज का भी आयोजन किया जाएगा. इसमें उद्भव की टेक्निकल हैड एवं सुप्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना वाणी माधव की प्रस्तुति देंगी. इस दौरान वहां के स्थानीय कलाकारों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियां और अनेक गुर भी सिखाएंगी.

उन्होंने आगे बताया कि संस्था के मुख्य संरक्षक केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं और उनके मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक 21वें आयोजन में अंतर्राष्ट्रीय कल्चरल ओलंपियाड उद्भव उत्सव होगा, जिसका आयोजन ग्वालियर में 24 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा. इस आयोजन में शास्त्रीय नृत्य, अर्धशास्त्रीय नृत्य एवं लोक नृत्यों की समूह एवं एकल प्रतियोगिताएं इंस्ट्रूमेंटल बैंड की प्रतियोगिताएं तथा पेंटिंग प्रतियोगिताएं विभिन्न वर्गों में आयोजित की जाएंगी.

इस मौके पर वृहद मॉडल यूनाइटेड नेशंस समिट एमयूएन भी आयोजित की जा रही है जिसमें वैश्विक मुद्दों पर देश विदेश के स्कूली छात्र चर्चा करेंगे.

एसएनपी/डीकेपी