भारत और सऊदी अरब के बीच हज 2027 समझौता, भारत के 1,75,025 यात्रियों का कोटा तय

रियाद, 9 नवंबर . सऊदी अरब के साथ समझौते के तहत भारत के लिए 175,025 तीर्थयात्रियों का कोटा तय किया गया है. केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह ने हज 2027 के लिए द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर किए. दोनों मंत्रियों ने हज 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की.

जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर कहा, “हज 2027 के लिए भारत-सऊदी अरब सहयोग को और मजबूत किया गया है. केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फौजान अल-रबियाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और हज 2027 के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिससे भारत के लिए 1,75,025 यात्रियों का कोटा सुनिश्चित हुआ.”

दूतावास ने बताया क‍ि बैठक में हज यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, संचालन संबंधी प्राथमिकताओं और भारतीय हज यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुचारू और बेहतर यात्रा सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई. दोनों पक्षों ने इस दिशा में आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया.

किरेन रिजिजू शुक्रवार को जेद्दा पहुंचे थे. उनकी यात्रा का उद्देश्य ‘6वें हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027’ में भाग लेना, सऊदी अरब के साथ हज समझौते पर हस्ताक्षर करना और अगले वर्ष भारतीय हज यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारियों का जायजा लेना था. अपनी इस यात्रा के दौरान रिजिजू ने हज यात्रियों के कल्याण के लिए सऊदी अरब की लगातार प्रतिबद्धता की सराहना की. उन्होंने भारत और सऊदी अरब के मजबूत संबंधों तथा सफल हज 2027 के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया.

रिजिजू ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर लिखा, “हज यात्रियों के कल्याण और हज 2027 के सफल आयोजन के लिए साझा संकल्प के साथ भारत-सऊदी अरब साझेदारी को और मजबूत किया जा रहा है. भारतीय महावाणिज्यदूत फहद सूरी और संयुक्त सचिव (हज) मोहम्मद अफजल के साथ मैंने जेद्दा में आयोजित 6वें हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027 के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया.”

शनिवार को रिजिजू ने सऊदी हज और उमराह मंत्री तौफीक बिन फौजान अल-रबिया की ओर से आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज समारोह में भी भाग लिया.

इस अवसर पर उन्होंने कहा, “गर्मजोशी भरे स्वागत और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से मिलने का अवसर देने के लिए मैं आभारी हूं. हमने हज यात्रियों की बेहतर सेवा और हज अनुभव को और अच्छा बनाने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई.”

जेद्दा यात्रा के दौरान रिजिजू ने भारतीय प्रवासी समुदाय और सऊदी अरब के विशिष्ट अतिथियों के साथ दीवाली भी मनाई. यह कार्यक्रम जेद्दा में भारत के महावाणिज्यदूत फहाद सूरी द्वारा अपने आवास पर आयोजित किया गया था. समारोह को संबोधित करते हुए रिजिजू ने कहा, “जेद्दा वापस आकर बहुत खुशी हो रही है. यह मेरी यहां तीसरी यात्रा है और हर बार का अनुभव यादगार, सार्थक और उद्देश्यपूर्ण रहा है.”

–

एवाई/डीकेपी