
नई दिल्ली, 29 अगस्त . दिल्ली के हर्ष विहार थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी फिरोज के पुलिस रिमांड के दौरान 4 लाख रुपए की अतिरिक्त नकदी बरामद की है.
इसके साथ ही इस केस में कुल रिकवरी 5 लाख 90 हजार रुपए तक पहुंच गई है, जिसमें चोरी की नकदी और मोटरसाइकिल शामिल है.
यह मामला ई-एफआईआर नंबर 80068947/26, धारा 305/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत दर्ज है. इसी केस में पहले की गई कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए हर्ष विहार थाने ने आरोपी फिरोज की पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान यह बरामदगी की है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी फिरोज के दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस टीमों ने बुलंदशहर और मेरठ में कई जगहों पर छापेमारी की. लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी फिरोज ने चोरी की नकदी को छिपाने के बारे में खुलासा किया.
उसके खुलासे और निशानदेही पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में गली नंबर 1, पप्पू कॉलोनी स्थित उसकी बहन के गोदाम में तलाशी ली.
तलाशी के दौरान गोदाम से चोरी के 4 लाख रुपए नकद बरामद किए गए. आरोपी ने यह नकदी अपनी बहन को बिना बताए वहां छिपा रखी थी.
ताजा बरामदगी के साथ इस मामले में कुल 4 लाख 94 हजार 800 रुपए नकद और चोरी के 96 हजार रुपए से खरीदी गई एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
पुलिस आरोपी के साथी की गिरफ्तारी और चोरी की बाकी संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
–
वीकेयू/डीएससी